पहलगाम की आतंकवादी घटना निंदनीय, सरकार जल्द से जल्द हत्यारों को पकड़े और उन्हें सख्त सजा दे-सर्व सेवा संघ
अनूपपुर। पहलगाम की आतंकवादी घटना से पूरा सर्वोदय जगत स्तब्ध और क्षुब्ध है। मानवता को शर्मशार करने वाली इस नृशंस वारदात की हम घोर निंदा करते हैं। यह सिर्फ पीड़ित परिवारों के लिए ही नहीं समूचे देश के लिए दुख और शोक की घड़ी है और पूरा देश पीड़ितों के साथ खड़ा है। यह बात सर्वोदय समाज के राष्ट्रीय संयोजक संतोष कुमार द्विवेदी और सर्व सेवा संघ के युवा सेल के राष्ट्रीय संयोजक भूपेश भूषण ने कही। आपने कहा कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता लेकिन वह धर्म की आड लेकर आता है और धार्मिक विद्वेष भड़काने के लिए ही ऐसे नापाक कृत्यों को अंजाम देता है। उनके विभाजनकारी इरादों को नाकाम करने का एक ही रास्ता है कि हम संयम बनाए रखें और आपसी प्रेम व भाईचारा न खोएं तथा सरकार को इसे कुचलने का पूरा मौका दें। इस मौके पर हम यह भी कहना चाहते हैं कि यह अवसर एक दूसरे की कमियां निकालने और आपस में ही उलझने का नहीं है। अभी पूरे देश की एक स्वर में एक ही मांग होनी चाहिए कि केंद्र सरकार जल्द से जल्द आतंकवादियों को पकड़े। उनके नापाक षडयंत्र को उजागर करे और उन्हें सख्त सजा दे। साथ ही पाक प्रायोजित आतंकवाद पर कड़ा अंकुश लगाए। ताकि दुबारा ऐसी कोई वारदात न हो सके। इस घटना के राजनीतिक निहितार्थ निकालना और राजनीतिक इस्तेमाल करने से नागरिकों को भी और राजनीतिक दलों को भी बचना चाहिए।


