जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की बर्बर हत्या से राजस्थान में गुस्सा और मातम का माहौल है। प्रदेश में जगह-जगह पाकिस्तान के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। इस आतंकी हमले के विरोध में हिंदू संगठनों व सर्वसमाज ने शुक्रवार को राजस्थान के कई जिलों में बंद का आह्वान किया है। सीकर और कोटा में बाजार पूरी तरह बंद हैं। कोटा में बंद के दौरान हिंदू संगठनों ने ऑफिस बंद कराने के लिए कुछ लोगों के साथ धक्का-मुक्की की। सीकर में बजरंग दल के कार्यकर्ता पुलिस से उलझ गए। सीकर के मोहल्ला कारीगरान में भी दो पक्ष आमने-सामने हाे गए, इसके बाद बजरंग दल के 2 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। राजस्थान में बॉर्डर इलाके में हो रही प्रत्येक गतिविधि पर सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर है, जिसके चलते श्रीगंगानगर में भी बॉर्डर इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। बीएसएफ की अस्थाई चौकियां लगाई है। बीएसएफ की पोस्टों पर जवानों की संख्या भी बढ़ाई गई है। पूरे प्रदेश में पुलिस की छुटि्टयां भी रद्द कर दी गई हैं। तस्वीरों में देखें राजस्थान में बंद… पुलिस की छुटि्टयां रद्द
पहलगाम हमले के बाद पुलिस मुख्यालय ने राजस्थान में हाई अलर्ट जारी किया है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर विशाल बंसल ने आगामी आदेशों तक पुलिस जवानों की छुट्टी पर रोक लगा दी है। इसके लेकर सभी जिलों के एसपी, डीसीपी, रेंज आईजी व कमिश्नर को आदेश जारी किए गए हैं।


