6 माह पहले सगाई हुई थी। रविवार को शादी हो रही थी। मैं स्टेज पर दुल्हन का इंतजार कर रहा था। तभी मेरी पहली पत्नी सारिका अपने घरवालों के साथ आई और मेरे साथ मारपीट करने लगी। बचाने आए मेरे परिजनों को भी पीटा। लोगों से बोली- ये शादीशुदा होते हुए दोबारा शादी कर रहा है। पुलिस हम लोगों को थाने ले गई। वहां तलाक के पेपर दिखाए, इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शादी हुई। यह बात झांसी के हंसारी निवासी दूल्हे दिव्य प्रकाश विक्रम ने कहीं। एडवोकेट विक्रम ने बताया- मैं बारात लेकर पहुंचा, कुछ रस्में हो चुकी थी। इसके बाद जयमाला होना था। इसी दौरान पहुंची पहली पत्नी ने हंगामा कर दिया। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… 2020 में कन्नौज की सरिका से शादी हुई थी
दूल्हा एडवोकेट दिव्य प्रकाश ने बताया कि 26 जून 2020 को मेरी शादी कन्नौज की सारिका से हुई थी। शादी के 3 माह बाद सारिका गहने और कैश लेकर अपने मायके चली गई। तीन साल नहीं आई। तब 2023 में कोर्ट में तलाक का केस कर दिया। कई बार कोर्ट के नोटिस गए, मगर रिसीव नहीं हुए। कोर्ट के आदेश पर विज्ञापन निकलवाया, तब भी पत्नी नहीं आई। ऐसे में कोर्ट ने 20 अप्रैल 2024 को एक पक्षीय आदेश कर तलाक दे दिया। मैरिज गार्डन में परिवार के साथ पहुंची सारिका
दिव्य प्रकाश ने बताया सारिका से तलाक के बाद मेरी शादी सिमराहा की वंदना से तय हो गई। रविवार को नूर गार्डन में शादी हो रही थी। मैं बारात लेकर पहुंचा, कुछ रस्में हो चुकी थी। इसके बाद जयमाला होना था। मैं स्टेज पर दुल्हन का इंतजार कर रहा था। तभी सरिका अपने घरवालों के साथ आई और मेरे साथ मारपीट करने लगी। बचाने आए मेरे पिता विधा प्रकाश विक्रम, बहन हर्षिता, दिव्या, किरन, जीजा मोहन व अन्य लोगों की भी पिटाई कर दी। तलाक के पेपर देखकर पुलिस ने शादी की इजाजत दी दिव्य प्रकाश ने बताया कि हंगामे के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस मुझे, दुल्हन और सरिका को सदर थाने ले गई। यहां पर मैंने अपने तलाक के पेपर दिखाए। रात करीब एक बजे पुलिस ने शादी करने की इजाजत दी। इसके बाद शादी हुई। दुल्हन से बोले- शादी की तो जान से मार देंगे दुल्हन वंदना ने बताया- मुझे अपने दिव्य प्रकाश की पहली शादी और तलाक के बारे में पता था। 6 माह पहले सगाई हुई थी, तब पहली पत्नी नहीं आई। रविवार रात को शादी होने जा रही थी, तभी स्टेज पर आकर हंगामा करने लगी। सारिका का भाई मेरे कमरे में आया और बोला कि शादी की तो तुझे जान से मार दूंगा। इसके बाद हम थाने गए। पहली पत्नी बोली- बिना बताए कर रहा था शादी
सारिका का कहना है कि घर से जाने के बाद दिव्य प्रकाश ने कभी फोन नहीं किया और न ही लेने आए। 8 अक्टूबर 2020 को मैंने कोर्ट में केस किया। 5 साल से ये तारीख पर नहीं आए। अब बिना बताए दूसरी शादी कर रहे हैं। सूचना मिलने पर रविवार शाम को झांसी पहुंची। यहां पर गार्डन में पति दूल्हा बनकर बैठा था। मेरे मना करने पर मारपीट करने लगा। मुझे तलाक के बारे में जानकारी नहीं है। जांच में दूल्हा पक्ष सही पाया गया सीओ सिटी रामवीर सिंह ने बताया कि 112 के माध्यम से मुझे सूचना मिली कि सदर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह में झगड़ा हो रहा है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने लाया। जांच में पता चला कि अभिजीत उर्फ दिव्य प्रकाश की पूर्व में शादी हुई थी। जिनका तलाक हो चुका है। पहली पत्नी का कहना था कि मेरा तलाक नहीं हुआ है। दोनों के पेपर देखे गए। इसमें दिव्य प्रकाश सही पाए गए। अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। —————————————– ये खबर भी पढ़ें :- दलित युवती की हत्या पर फूट-फूटकर रोए अयोध्या सांसद:माथा पीटकर बोले- प्रभु राम कहां हैं, न्याय नहीं मिला तो इस्तीफा दूंगा अयोध्या में दलित युवती की हत्या पर सियासत शुरू हो गई है। सपा सांसद अवधेश प्रसाद मीडिया के सामने फूट-फूटकर रोए। कहा- इस मुद्दे को लोकसभा में मोदी के सामने उठाऊंगा। न्याय नहीं मिला तो इस्तीफा दूंगा। हम बेटी की इज्जत बचाने में नाकामयाब हो रहे हैं। पढ़िए पूरी खबर…


