बालोद जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम पंचायत तुमड़ीकसा के आश्रित ग्राम लमती को जोड़ने वाला मार्ग पहली ही बारिश में बंद हो गया। लमती और तुमड़ीकसा के बीच बहने वाली खरखरा नदी बारिश के कारण उफान पर है। जिससे आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि, यह समस्या हर साल बारिश में सामने आती है। लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि साल 2023 में जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान ग्राम तुएगोंदी में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया था। जिस पर सेतु विभाग को कार्रवाई का निर्देश दिया गया। नदी में बहकर 12 मवेशियों की हो चुकी है मौत ग्रामीणों के अनुसार विभाग ने इस पुल को 2024 की बजट में शामिल किया। लेकिन आज तक निर्माण की शुरुआत नहीं हो सकी। ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2024 में इसी नदी में बहकर 12 मवेशियों की मौत हो गई थी। इसकी भी सूचना प्रशासन को दी गई थी। लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जलस्तर बढ़ने से स्कूल जाना मुश्किल हो जाता है स्थानीय लोगों ने बताया कि, नदी पार कर बच्चे स्कूल जाते हैं। लेकिन बारिश के दौरान जलस्तर बढ़ने से स्कूल जाना मुश्किल हो जाता है। पशुपालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। क्योंकि वे अपने मवेशियों को चराने नहीं ले जा पाते। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार PWD और सेतु विभाग से संपर्क किया। लेकिन उन्हें अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं। अब लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द इस मार्ग पर पुल का निर्माण शुरू किया जाए। ताकि हर साल बारिश में उन्हें इस परेशानी से न गुजरना पड़े।


