पहली बार मैंने रिवॉल्वर उठाई, सीने पर तान दी:पापा से बदतमीजी बर्दाश्त नहीं हुई; सपा नेता की बेटी का पहला VIDEO इंटरव्यू

‘देशभर में जब लोग फादर्स-डे मना रहे थे, उस वक्त मेरे पापा के साथ बदतमीजी हो रही थी। मैं भावनाओं में आ गई। डराने के लिए पहली बार रिवॉल्वर उठाई। घटना के बाद पूरी रात सो नहीं पाई। सोशल मीडिया पर फैली चर्चाओं से मानसिक तनाव में हूं। मुझे पेट्रोल पंपकर्मी पर रिवॉल्वर नहीं ताननी चाहिए थी।’ यह कहना है हरदोई में पेट्रोल पंपकर्मी के सीने पर रिवॉल्वर तानने वाली सपा नेता एहसान खान की बेटी अरीबा का। दैनिक भास्कर से एक्सक्लूसिव बातचीत में अरीबा ने कहा- कानून को हाथ में लेना गलत है। इसके लिए मैं माफी मांगती हूं। मेरी अपील है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो। मुझे लगा पापा अकेले सामना नहीं कर पाएंगे, इसलिए गन तानी अरीबा ने कहा- उस वक्त मैंने पहली बार रिवॉल्वर हाथ में ली थी। मेरे सामने पहले कभी किसी ने पापा से इतनी बदतमीजी नहीं की थी। उन लोगों ने यह भी नहीं सोचा कि पापा बुजुर्ग हैं और उनके साथ महिलाएं भी हैं। वे लोग नशे में थे और इस बात का फायदा उठाना चाह रहे थे कि पापा बुजुर्ग हैं, इसलिए दबाव में आ जाएंगे। जब उन्होंने बदतमीजी शुरू की, तो मैं पापा के लिए गन लेने गई थी। लेकिन देखा कि सामने वालों की संख्या बहुत ज्यादा थी। मुझे लगा कि पापा अकेले उनका सामना नहीं कर पाएंगे, इसलिए मैंने गन तान दी। हालांकि, मैं मानती हूं कि यह गलत था। वे बदतमीज थे, कुछ तो चेहरे से गुंडे लग रहे थे अरीबा ने कहा- मैं सरकार से इसके लिए माफी मांगती हूं। जो कर्मचारी वहां मौजूद थे, उनके बारे में स्थानीय लोगों से जानकारी मिली कि वे बदतमीज हैं। उनमें से कुछ तो चेहरे से ही गुंडों जैसे लग रहे थे। सिर्फ एक-दो ने ही पेट्रोल पंप की वर्दी पहनी थी। मेरी अपील है कि ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई हो। इस घटना से मेरी मानसिक स्थिति प्रभावित हुई है। मेरा कदम गलत था… अरीबा ने कहा- मैं ठीक से सो नहीं पा रही हूं। इसका असर मेरी पढ़ाई और भविष्य पर पड़ा है। हम तो वहां ग्राहक थे और अपने घर से 40-50 किलोमीटर दूर थे। अगर कोई राजनीति या दबदबा बनाना होता, तो हम अकेले नहीं होते। क्योंकि उन लोगों की संख्या ज्यादा थी। मैंने बस परिस्थिति को देखकर यह कदम उठाया। मुझे नियमों की जानकारी नहीं थी। मैं मानती हूं कि मेरा यह कदम गलत था। पूरा मामला जानिए अरीबा के पिता एहसान खान (60) सपा के पूर्व प्रदेश सचिव रह चुके हैं। वह हरदोई में शाहाबाद थाना क्षेत्र के गिगयानी मोहल्ले में परिवार के साथ रहते हैं। उनकी एक टाइल्स की दुकान भी है। रविवार को वह पत्नी हुसनबानो और बेटी अरीबा के साथ कानपुर रिश्तेदारी में जा रहे थे। रास्ते में शाम करीब 7 बजे वे सांडी रोड स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HP) पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरवाने के लिए रुके। पत्नी और बेटी को पंप से थोड़ी दूर पहले ही उतार दिया गया था। कार में बैठे-बैठे एहसान खान ने पंपकर्मी से सीएनजी भरने के लिए कहा। इस पर पंपकर्मी ने उन्हें नीचे उतरने को कहा। जवाब में उन्होंने कहा- आप सीएनजी भरिए। मैं नीचे उतर रहा हूं। इसी बात को लेकर एहसान और पंपकर्मी के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ा तो बेटी अरीबा भी वहां पहुंच गई। इस दौरान कई पेट्रोल पंपकर्मी इकट्ठा हो गए। बहस के दौरान एक कर्मचारी ने एहसान को धक्का दे दिया। पिता को धक्का देते ही अरीबा भड़क गई। वह दौड़कर वापस कार तक गई और आगे की सीट पर रखी रिवॉल्वर निकाल लाई। उसने पंपकर्मी रजनीश के सीने पर रिवॉल्वर तान दी। उसे धमकाया कि इतनी गोलियां मारूंगी कि घरवाले भी पहचान नहीं पाएंगे। एकाएक लड़की के रिवॉल्वर निकालकर सीने में तान देने से पेट्रोल पंप पर मौजूद लोग सहम गए।पंपकर्मी रजनीश डरकर पीछे हट गया। मामला बढ़ता देख लोग बीच-बचाव करने लगे। एक युवक आया और अरीबा को रजनीश से दूर किया। इसके बाद एहसान अपने परिवार के साथ गाड़ी में बैठकर चले गए। पीड़ित पेट्रोल पंप कर्मचारी की शिकायत पर मां-बाप और बेटी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर को सीज कर दिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने अरीबा को सम्मानित किया
हरदोई के कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडे मंगलवार रात अरीबा के घर पहुंचे। उन्होंने अरीबा को झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की तस्वीर भेंट की। पांडे ने कहा- अरीबा ने प्रियंका गांधी के नारे ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ को साकार किया है। स्वाभिमान की रक्षा के लिए बेटियों को पीछे नहीं हटना चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर यह मामला संसद में भी उठाया जाएगा। ——————————————- सपा नेता की बेटी ने सीने पर तान दी रिवॉल्वर हरदोई में सपा नेता की बेटी ने पेट्रोल पंपकर्मी पर रिवॉल्वर तान दी। कहा- इतनी गोली मारूंगी कि परिवार वाले पहचान नहीं पाएंगे। बाद में उसने कहा, मैंने आत्मरक्षा में ऐसा किया। उसके पिता सपा के पूर्व प्रदेश सचिव हैं। पुलिस ने केस दर्ज किया है। ऐसे में सवाल उठता है कि कानून क्या ऐसे मामले में आत्मरक्षा का अधिकार देता है? VIDEO में देखिए पूरा विवाद…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *