भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना रणजीत एवेन्यू की पुलिस ने लिफ्ट लेने के बहाने कार चालक को चाकू दिखाकर सोने की चेन की लूटने वाले दंपती को काबू किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुल्तानविंड रोड निवासी प्रभजोत कौर और उसके पति मनप्रीत सिंह उर्फ मनी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों की उम्र तकरीबन 24 साल है। एसएचओ रोबिन हंस ने बताया कि बुधवार को पुलिस को दी शिकायत में जसपाल सिंह निवासी रणजीत एवेन्यू ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले अस्पताल से अपने घर की ओर कार में सवार होकर आ रहा था। एक एजेंसी के पास मुंह पर मास्क लगाए लड़की ने रुकने का ईशारा किया। उसने जब गाड़ी रोकी तो लड़की ने रणजीत एवेन्यू के प्राइवेट अस्पताल के बाहर छोड़ने की लिफ्ट मांगी। इंसानियत के कारण लड़की को अकेला देख उसने लिफ्ट दे दी। जब लड़की को छोड़ने के लिए रणजीत एवेन्यू के खाली ग्राउंड के साथ-साथ जा रहा था, तो झाड़ी के पास लड़की ने गाड़ी रुकवा दी। इतने में एक युवक झाड़ी में निकलकर आया और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने लगा। दोनों आरोपी सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि इस मामले में तुरंत जांच करते हुए सीसीटीवी की मदद से दोनों आरोपियों को काबू किया गया। जांच में पता चला कि दोनों पति-पत्नी हैं। इनके खिलाफ पहले से कोई केस दर्ज नहीं है, लेकिन आरोपी महिला अपने पति के साथ मिलकर लोगों को ब्लैकमेल करती है। आरोपी महिला ने इससे पहले थाना सुल्तानविंड में एक व्यक्ति पर केस दर्ज करवाया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके 2 दिन का रिमांड लिया है। पूछताछ कर रहे हैं।


