पहल के आधार पर शैड बनवाएंगे ताकि किसानों की फसल खराब न हो : छीना

भास्कर न्यूज | अमृतसर भगतांवाला अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान पद के चुनाव शनिवार को हुए। 7 साल से प्रधान अमनदीप सिंह छीना फिर से आगामी 2 साल के लिए एसोसिएशन के प्रधान चुने गए हैं। उन्होंने प्रतिद्वंदी वरिंदर कुमार को 34 वोट से हराया। भगतांवाला मंडी हाल में सुबह 9 से शाम 4 बजे तक 7 घंटे हुए मतदान में कुल 436 मतदाताओं ने वोटिंग की। किन्ही कारणों से 2 वोट रद्द हो गए। वरिंदर कुमार को 200 तो अमनदीप सिंह छीना को 234 वोट पड़े। 7 साल से प्रधान छीना की ओर से भगतांवाला मंडी के आढ़तियों, लेबर यूनियन व ट्रेडर्स के लिए करवाए गए निष्काम कार्यों के नतीजन उन्हें जीत हासिल हुई हैं। जीत दर्ज करने के बाद छीना ने कहा कि यह समस्त आढ़तियों, ट्रेडर्स व लेबर यूनियन की जीत है। भगतांवाला मंडी का विकास करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। मंडी में शैडों की कमी से किसानों को अपनी फसल आंधी-तूफान, बारिश और धूप में खुले आसमान में रखनी पड़ती है। किसानों की फसल का एक दाना भी बर्बाद न हो इसके लिए जिला प्रशासन, मंडी बोर्ड , मार्केट कमेटी के सहयोग से पहल के आधार पर कम से कम दो-तीन शैडों का निर्माण करवाएंगे। मंडी की भीतरी सडकों का पुर्ननिर्माण करवाना तथा किसानों-मजदूरों के लिए पीने के पानी का उचित प्रबंध करवाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके अलावा तरनतारन रोड- भगतांवाला मंडी डेढ़ किलोमीटर की सड़क का अप्रैल में धान की आमद से पहले निर्माण को मुक्कमल करवाने का लक्ष्य भी निर्धारित कर लिया है। उन्होंने कहा कि आढ़तियों व लोगों को अन्य सुविधाएं दिलाने के लिए एसोसिएशन पहले भी आंदोलन करती रही है तथा आढ़तियों को उनके बनते हक दिलाने के लिए आगे भी संघर्ष करती रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *