भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर नशा मुक्त भारत अभियान के तहत कोरिया जिले को नशामुक्त बनाने के लिए कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई योजनाओं पर चर्चा हुई। क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी नशामुक्ति केंद्रों की व्यवस्था मजबूत करें। भर्ती मरीजों को बेहतर सुविधाएं दी जाएं। स्कूल, कॉलेज और हॉस्टल के आसपास स्थित दुकानों और मेडिकल स्टोर्स की सख्ती से जांच हो। यदि किसी दुकान में नशीले पदार्थ बेचे जा रहे हैं, तो कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस विभाग को निर्देश दिया कि जिले में बाहर से आने वाले वाहनों की जांच में लापरवाही न हो। क्योंकि ज्यादातर नशीले पदार्थों की तस्करी बाहरी वाहनों से होती है। मुखबिर तंत्र को भी मजबूत करने पर जोर दिया। जो लोग नशा छोड़ चुके हैं, उन्हें सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाएगा। उनके माध्यम से समाज में संदेश देकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।


