भास्कर न्यूज | अमृतसर फुलकारी डब्ल्यूओए ने 1 जून से अमृतसर में राष्ट्रीय ई-कचरा संग्रहण अभियान ‘ई-परिवर्तन’ शुरू किया। यह अभियान 4 जून तक कैम्ब्रिज जूनियर स्कूल, मकबूल रोड में दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक चलेगा। एकत्रित ई-कचरा 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर भेजा जाएगा। इस पहल का नेतृत्व पर्यावरण के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष टीना अग्रवाल और संस्थापक कोषाध्यक्ष पायल मेहरा कर रही हैं। अमृतसर में कार्यक्रम प्रमुख रिधि खन्ना हैं। अभियान में शहर के प्रमुख स्कूलों ने भागीदारी की है। इनमें कैम्ब्रिज जूनियर और सीनियर स्कूल, सीनियर स्टडी, मिलेनियम, अमृतसर पब्लिक स्कूल, तुलीज़ एकेडमी, एक्सेलसम हाई और स्प्रिंग डेल सीनियर स्कूल शामिल हैं। स्वास्थ्य और उद्योग जगत से भी सहयोग मिला है। 100 किलो या उससे अधिक ई-कचरा देने वालों को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नीति आयोग और पर्यावरण मंत्रालय द्वारा मान्यता प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। यह भारत के सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप है। फुलकारी डब्ल्यूओए की अध्यक्ष मीनाक्षी खन्ना ने कहा कि हमारा लक्ष्य 500 किलो से अधिक ई-कचरा एकत्र करना है। कार्यक्रम में डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी, पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर और नगर आयुक्त गुलप्रीत सिंह औलाख का सहयोग भी मिला है।


