रायपुर में गोंदवारा, सरोरा होते हुए उरला के बीच 4 किमी फोरलेन रोड का निर्माण शुरू हो गया। 23 करोड़ की लागत वाली इस सड़क का काम 2026 तक पूरा हो जाएगा। वहीं, गुढ़ियारी में पहाड़ी चौक से रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर सात तक 26 करोड़ से एक और नई रोड प्रस्तावित है। इन दोनों के बन जाने से बिलासपुर, भिलाई, रायपुर, बिरगांव, उरला, सिलतरा, धरसीवां के 5 लाख लोगों को फायदा होगा। सड़कें बन जाने से इन्हें शहर के बीच नहीं गुजरना होगा। लोग इन नए रोड से सीधे शहर के बाहर से गुजर जाएंगे। इन्हें ट्रैफिक जाम नहीं मिलेगा। साथ ही शहर के अंदर की मुख्य सड़कों पर भी ट्रैफिक का दबाव कम होगा। अभी यह चार किमी लंबाई की सड़क आधी कच्ची और पक्की है, जिस पर लोगों का आना जाना होता है। इस सड़क निर्माण के बाद सिलतरा, उरला से निमोरा पहुंचने में आधा घंटे से भी ज्यादा का समय बचेगा। इन्हें होगा फायदा बिलासपुर से आने वालों को : अगर स्टेशन जाना है तो उन्हें शहर के बीच से नहीं गुजरना पड़ेगा। वे सिलतरा से भिलाई नया रोड पकड़कर गोंदवारा उरला रोड के जरिए स्टेशन जा सकेंगे। यहां से वे एक्सप्रेस वे पकड़कर शदाणी दरबार के पास निकलेंगे और एनएच 30 के जरिए बस्तर की दिशा में भी जा सकते हैं।


