पांच दिन की जंबूरी में युवाओं ने सीखा टीमवर्क, सीएम बोले- स्काउट जीवन पद्धति है, जो हमें चुनौतियों से जूझना सिखाती है

पांच दिवसीय राष्ट्रीय जंबूरी युवाओं के लिए अनुशासन, सेवा और राष्ट्र निर्माण की सीख का सशक्त मंच बना। देश के विभिन्न राज्यों से आए रोवर-रेंजरों और स्काउट-गाइड्स ने टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मूल्यों को व्यवहार में उतारा। युवाओं को आपसी समन्वय, सहयोग और सामूहिक निर्णय लेने की ट्रेनिंग दी गई। यहां युवाओं ने यह सीखा कि टीम भावना के बिना कोई भी लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव शामिल हुए। साय ने कहा कि स्काउट जीवन जीने की एक पद्धति है। जो व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों में भी आत्मनिर्भर बनना, टीम भावना से कार्य करना और समाज के लिए समर्पित रहना सिखाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जंबूरी केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की विविधता में एकता का जीवंत उत्सव है। देश में पहली बार इस स्तर की राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का आयोजन होना और उसके लिए छत्तीसगढ़ का चयन होना पूरे राज्य के लिए गौरव की बात है। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के रोवर-रेंजरों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, झांकियों और गतिविधियों के माध्यम से भारत की समृद्ध विविधता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के प्रेरक वाक्य “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” का उल्लेख करते हुए युवाओं को आत्मविश्वास और संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में करीब 15 हजार रोवर-रेंजरों की सहभागिता रही। 20 हजार लोगों ने बाल विवाह मुक्त बनाने की शपथ ली, गोल्डन बुक रिकॉर्ड ग्राम दुधली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बाल विवाह रोकथाम के लिए रोवर-रेंजरों, स्काउट-गाइड्स और जनसमुदाय को शपथ दिलाई। इस दौरान एक साथ 20 हजार से अधिक लोगों ने शपथ लेकर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में बालोद जिले का नाम दर्ज कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल विवाह समाज के लिए गंभीर चुनौती है, इसे समाप्त करने में समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। शपथ के बाद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा को प्रमाण पत्र व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूली शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद भोजराज नाग, भारत स्काउट गाइड के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त के.के. खण्डेलवाल, महासचिव पी.जी.आर सिंधिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, देशभर से आए रोवर-रेंजर तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *