भास्कर न्यूज| लुधियाना यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर लुधियाना यूनिट की तरफ से कैनरा बैंक भारत नगर चौक के सामने एक विशाल रैली की और जमकर नारेबाजी की। साथ ही बैंक कर्मी मंगलवार को हड़ताल पर भी रहे। यूनियंस की ओर से बैंकिंग उद्योग में 5 दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने और शेष सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने की मांग की जा रही है। वर्तमान में बैंकों में केवल दूसरे और चौथे शनिवार अवकाश हैं। यह मांग भारतीय बैंक संघ सात दिसंबर 2023 को आईबीए और यूएफबीयू के बीच हुए समझौता ज्ञापन और आठ मार्च 2024 को हुए सेटलमेंट व संयुक्त नोट के आधार पर सरकार को अनुशंसित की गई है। रैली को कामरेड पीआर मेहता, महासचिव, पंजाब बैंक एम्प्लॉयज फेडरेशन. कॉमरेड राजिंदर पाल सिंह औलख पंजाब एग्रीकल्चरल टेक्नोक्रेट कॉमरेड नरेश गौड़ संयोजक यूएफबीयू, कॉमरेड पवन ठाकुर अध्यक्ष, कॉमरेड नरिंदर कुमार और कॉमरेड संदीप सिंह ने संबोधित किया। कामरेड पीआर मेहता ने बताया कि लंबे समय से बैंकिंग क्षेत्र में 5 कार्य दिवस प्रति सप्ताह की मांग करता रहा है। 2015 में हुए 10वें द्विपक्षीय समझौते व 7वें संयुक्त नोट में आईबीए एवं सरकार के बीच यह सहमति बनी थी कि प्रत्येक माह के दूसरे और चौथे शनिवार अवकाश होंगे और शेष शनिवार पूर्ण कार्य दिवस होंगे। उस समय यह आश्वासन दिया गया था कि शेष शनिवारों को अवकाश घोषित करने की मांग पर आगे विचार किया जाएगा, लेकिन यह विषय लंबित ही रहा। कामरेड नरेश गौड़ ने कहा कि वित्तीय क्षेत्र में आरबीआई, एलआईसी, जीआईसी में पहले ही 5 दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है। केंद्र एवं राज्य सरकार के कार्यालय भी सोमवार से शुक्रवार तक ही कार्य करते हैं। स्टॉक एक्सचेंज सोमवार से शुक्रवार तक कार्यरत हैं। मनी मार्केट, विदेशी मुद्रा लेन-देन आदि शनिवार एवं रविवार को बंद रहते हैं। बैंकों में पहले से ही दूसरा और चौथा शनिवार अवकाश है। अतः सोमवार से शुक्रवार कार्य समय बढ़ाकर शेष शनिवारों को अवकाश घोषित करने से वर्तमान परिस्थितियों में जब विभिन्न वैकल्पिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध हैं, बैंक ग्राहकों को कोई बड़ी समस्या नहीं होगी।


