यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर मंगलवार को बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की रांची मुख्य शाखा के समक्ष किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बैंककर्मियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि देश में रिजर्व बैंक, नाबार्ड, सेबी, बीमा क्षेत्र, एलआईसी, जीआईसी, आईटी सेक्टर, सार्वजनिक उपक्रमों और कई कॉरपोरेट संस्थानों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है, लेकिन वाणिज्यिक बैंकों में अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। इससे बैंक कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है और उनके स्वास्थ्य व पारिवारिक जीवन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। चेतावनी दी गई कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में प्रकाश उपाध्याय, कुणाल कुमार, मनोज कुमार, मनीष सिंह, एमएल सिंह, शशिकांत सहित अन्य नेताओं ने अपने विचार रखे।


