पांच दिवसीय महाकाल महोत्सव शुरू:सीएम ने किया भगवान का पूजन, बोले- भोपाल की तरह उज्जैन में भी लगेगा वन मेला

संक्राति पर्व से श्री महाकाल लोक में पांच दिवसीय महाकाल महोत्सव की शुरुआत हुई। आयोजन 18 जनवरी तक महाकाल महालोक एवं त्रिवेणी संग्रहालय में किया जा रहा है। पहले दिन सीएम डॉ. मोहन यादव ने महाकाल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। डॉ. यादव ने शुभारंभ अवसर पर कहा कि मध्य प्रदेश में दो ज्योतिर्लिंग हैं। यहां कई लोक बन रहे हैं। उज्जैन में अब तक श्रावण महोत्सव होता था। गुड़ी पड़वा से हमने तीन महीने चलने वाला उत्सव शुरू किया, जिसमें इस बार भी वाहनों पर ग्वालियर की मेले की तरह छूट मिलती रहेगी। भोपाल में लगने वाला वन सम्पदा का वन मेला की तरह अब उज्जैन में भी वन मेला लगेगा। अगली बार 25 जनवरी को आऊंगा, उस दिन हरिफाटक ब्रिज को सिक्स लेन करने, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, सिंहस्थ बायपास की रोड का भूमि पूजन सहित सुबह होने वाले राहगीरी कार्यक्रम में भी शामिल होऊंगा।
इससे पहले सीएम और सिंगर शंकर महादेवन ने आयोजन से पूर्व भगवान महाकाल का पूजन किया। मंच से ख्यात सिंगर पद्मश्री शंकर महादेवन द्वारा ‘शिवोऽहम्’ की प्रस्तुति दी। पार्श्व गायक शंकर महादेवन एवं उनके पुत्र सिद्धार्थ और शिवम ने श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान श्री महाकाल जी के दर्शन किए। इस दौरान नंदी हाल में बैठकर तीनों ने शिव भोला भंडारी भजन भी गाया। शंकर महादेवन भास्कर से बोले- महाकाल मंदिर की व्यवस्था टॉप क्लास है। यहां की सफाई मंच वाशरूम आने जाने के रास्ते किसी इंटरनेशनल कार्यक्रम की तरह नजर आ रहा है। सीएम ने बटन दबाकर महाकाल मंदिर की नई वेबसाइट और नए बनने वाले भक्त निवास के साथ ही दान के लिए नए पोर्टल का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं डिजिटल सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की नई अधिकारिक वेबसाइट www.shrimahakaleshwar.mp.gov.in का शुभारंभ किया गया।
नई वेबसाइट से श्रद्धालुओं को ये सुविधा मिलेगी समारोह का आकर्षण “शिवोऽहम्” प्रस्तुति
उद्घाटन संध्या पर “शिवोऽहम्” शीर्षक से विशेष संगीतिक प्रस्तुति आयोजित की गई। प्रसिद्ध पार्श्वगायक पद्मश्री शंकर महादेवन (सिद्धार्थ-शिवम) द्वारा अपने सुपुत्रों के साथ शिव-भक्ति से ओतप्रोत संगीतमय प्रस्तुति दी। अभ्युदय मध्यप्रदेश एवं स्वाभिमान पर्व–2026 के अंतर्गत उज्जैन में श्री महाकाल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन, वीर भारत न्यास एवं श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा। जनजातीय एवं लोक कला प्रस्तुतियां
स्वाभिमान पर्व–2026 की भावना के अनुरूप, महोत्सव के अंतर्गत रोजाना शाम 4:00 से 6:00 बजे तक त्रिवेणी संग्रहालय परिसर में जनजातीय लोकनृत्यों की श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें भारिया जनजातीय भड़म नृत्य, दादूलाल डांडोलिया एवं साथी (छिंदवाड़ा), गोंड जनजातीय ठाठ्या नृत्य, अर्जुन वाघमारे एवं साथी (बैतूल), काठी नृत्य अशोक मौर्य एवं साथी (हरदा), भील जनजातीय भगोरिया नृत्य मनीष सिसोदिया एवं साथी (धार) की विशेष प्रस्तुति होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *