पांच माह में 78 हजार पेंशन लाभार्थियों को 58.67 करोड़ की रकम जारी की : डीसी

भास्कर न्यूज | रोपड़ रोपड़ जिले में चलाई जा रही विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कुल 78,804 लाभार्थियों को पिछले पांच महीनों में 58 करोड़ 67 लाख 79 हजार रुपए जारी किए गए। डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने बताया कि पेंशन योजनाओं के माध्यम से दी जा रही वित्तीय सहायता का जिले के योग्य लाभार्थियों को बड़ा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पेंशन वितरण की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता से सुनिश्चित की जा रही है। पिछले पांच महीनों में बुजुर्ग पेंशन लाभार्थियों को 36 करोड़ 21 लाख 97 हजार 500 रुपए, विधवा और निराश्रित महिलाओं को 12 करोड़ 79 लाख 32 हजार रुपए, आश्रित बच्चों को 4 करोड़ 51 लाख 84 हजार 500 रुपए और दिव्यांग पेंशन लाभार्थियों को 5 करोड़ 14 लाख 65 हजार रुपए की वित्तीय सहायता दी गई है। उन्होंने बताया कि यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाती है, जिससे न केवल उनकी परेशानी कम हुई है बल्कि समय की भी बचत हुई है। जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी अमृत बाला ने बताया कि 65 वर्ष या उससे अधिक आयु के पुरुष और 58 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं, जिनकी वार्षिक आय 60 हजार रुपए से अधिक न हो और ग्रामीण क्षेत्रों में जिनके पास 2.5 एकड़ से कम जमीन हो या शहरी क्षेत्रों में 200 वर्ग मीटर से कम मकान की मालकी हो, उन्हें बुजुर्ग पेंशन का लाभ दिया जाता है। इसी तरह 58 वर्ष से कम आयु की विधवा और निराश्रित महिलाएं, जिनकी सालाना आय 60 हजार रुपए से कम हो और 21 वर्ष से कम आयु के ऐसे बच्चे जिनके माता-पिता की मृत्यु हो गई हो या वे दिव्यांग होने के कारण देखभाल करने में असमर्थ हों और जिनकी वार्षिक आय 60 हजार रुपये से कम हो, उन्हें भी वित्तीय सहायता दी जाती है। इसके अलावा 50 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले व्यक्ति भी इस योजना के अंतर्गत वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *