पाली| शहर के जवाहर नगर मेन रोड पर 5 दिनों से पानी की पाइप लाइन फूटी है। इससे पेयजल सप्लाई होने वाला पानी रोड पर फैल रहा है। रोड पर पानी फेलके चलते यहां से पैदल निकलना मुश्किल है। सुबह स्कूल के समय स्कूल बच्चों को आने जाने में दिक्कत होती है। समस्या के संबंध में जलदाय विभाग को शिकायत दे चुके है। लेकिन समाधान नहीं हो सक। – राजेश तिवारी। सुमेरपुर | नगर के घांचियों वास में लोहे का बिजली का पोल नीचे से क्षतिग्रस्त हो गया है। यह कभी भी गिर सकता हैं। इसे लेकर गत 8 जनवरी को सहायक अभियंता के नाम मोहल्लेवासियों ने ज्ञापन भी दिया, लेकिन अभी तक पोल नहीं बदला गया है। यहां आवागमन ज्यादा रहता है, गली में बच्चे भी दिनभर खेलते रहते हैं। ऐसे में पोल गिर गया तो जनहानि होने की संभावना बनी हुई है। फिर भी विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। जल्द नया पोल लगाकर मौहल्लेवासियों को राहत दिलाई जाए। – सुरेश कुमार कंटालिया | ग्राम पंचायत कंटालिया के वार्ड संख्या 2 में पानी की पाइपलाइन बिछाने के दौरान जेसीबी मशीन से सीसी रोड को तोड़ दिया गया। पाइपलाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं की गई, जिससे मार्ग पूरी तरह बदहाल हो गया है। जगह‑जगह गड्ढे पड़ने से पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टूटी हुई सड़क के कारण कई बार वाहन चालक असंतुलित होकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं। जल्द से जल्द सीसी रोड की मरम्मत कराई जाए, अन्यथा किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। – नरेंद्र शर्मा पाली | शहर के रीको कार्यालय स्थित क्वार्टर के समीप रास्ते पर जलदाय विभाग की पाइपलाइन में लीकेज होने से पिछले कई दिनों से पानी व्यर्थ बह रहा है। इसी मार्ग से होकर फैक्ट्रियों का प्रदूषित पानी का नाला भी गुजर रहा है, जिससे क्षेत्र में गंदगी और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। लीकेज के कारण नाले का गंदा पानी पाइपलाइन में मिल सकता है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। समस्या की जानकारी संबंधित विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पाइपलाइन की मरम्मत नहीं होने से रोजाना सैकड़ों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। – चंद्रशेखरसिंह


