पाइप लाइन लीकेज से नालियों में बह रहा पानी:पुलिस लाइन के पीछे पानी की समस्या से लोग परेशान, शिकायत के बाद भी नहीं हुआ सुधार

टीकमगढ़ के विभिन्न मोहल्लों में पाइप लाइन लीकेज के कारण मुख्य सड़कों पर पानी भर रहा है। लीकेज का पानी सड़कों से होकर नालियों में बह रहा है, जिससे पानी की बर्बादी हो रही है। साथ ही पानी का प्रेशर कम होने से कई इलाकों में नलों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। स्थानीय लोगों ने इस समस्या की शिकायत नगर पालिका में दर्ज कराई है। पुरानी पाइप लाइनें बढ़ा रहीं समस्या शहर के कई इलाकों में पुरानी पाइप लाइनों के बीच सड़क से गुजरने के कारण यह समस्या और गंभीर हो गई है। पहले सड़कों पर हैवी वाहनों का दबाव कम था, लेकिन अब छोटे रास्तों से भी भारी वाहन गुजरने लगे हैं, जिससे पाइप लाइनों में बार-बार लीकेज हो रहा है। चकरा रोड निवासी जितेंद्र साहू ने बताया कि पिछले कई दिनों से पाइप लाइन का पानी नाली में बह रहा है। उन्होंने कहा, “हमने कई बार शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक सुधार नहीं हुआ।” इसी तरह, सिविल लाइन रोड निवासी प्रमोद ने बताया कि कलेक्टरेट रोड पर कौशलपुरी कॉलोनी के सामने महीनों से पानी का लीकेज हो रहा है। एक-दो बार सुधार हुआ, लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। गर्मियों में बढ़ेगी समस्या शिव शक्ति कॉलोनी के निवासी शिकायत कर रहे हैं कि पाइप लाइन लीकेज के कारण उनके इलाके में नलों का पानी प्रेशर में नहीं आ रहा है। कई घरों में पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। लोगों को आशंका है कि गर्मियों के मौसम में यह समस्या और बढ़ सकती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर पालिका को जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करना चाहिए।​​​​​​​ अयोध्यापुरी कॉलोनी में नहीं पहुंच रहा पानी पुलिस लाइन परेड ग्राउंड के पीछे स्थित अयोध्यापुरी कॉलोनी में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो चुकी है। वार्ड 17 निवासी उमाशंकर चतुर्वेदी ने बताया कि इस समस्या की शिकायत कई बार वार्ड पार्षद और जल शाखा प्रभारी से की गई है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। नगर पालिका का दावा: एक सप्ताह में होगा समाधान नगर पालिका सीएमओ रामस्वरूप पटेरिया ने बताया कि लोगों की शिकायत पर पाइप लाइन लीकेज सुधारने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगले एक सप्ताह में सभी स्थानों पर रिपेयरिंग का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *