अमृतसर| शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने खालसा स्थापना दिवस (बैसाखी) के मौके पर पाकिस्तान के गुरुद्वारों के दर्शन के लिए जत्थे भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसजीपीसी ने श्रद्धालुओं से 25 दिसंबर, 2025 तक पासपोर्ट मांगे हैं। हर साल की तरह, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी पाकिस्तान के गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब में खालसा साजना दिवस समारोह में हिस्सा लेने के लिए श्रद्धालुओं का जत्था भेजेगी। शिरोमणि गुरुद्वारा के सचिव प्रताप सिंह ने बताया कि अप्रैल 2026 में खालसा साजना दिवस के मौके पर सिख श्रद्धालुओं का एक जत्था पाकिस्तान भेजा जाएगा, जो न सिर्फ गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में हिस्सा लेगा, बल्कि वहां के दूसरे गुरुद्वारों के भी दर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि इस जत्थे में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालु 25 दिसंबर, 2025 तक शिरोमणि कमेटी मुख्यालय स्थित यात्रा विभाग में अपना पासपोर्ट जमा करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि संगत को अपने-अपने चुनाव क्षेत्र के शिरोमणि कमेटी सदस्यों से सिफारिशें करवाना ज़रूरी है और साथ ही अपनी पहचान के लिए आधार कार्ड या वोटर कार्ड की फोटोकॉपी भी देनी होगी।


