पाकिस्तान में एक दिन में दो हमले:रविवार शाम ग्वादर पोर्ट पर गोलीबारी हुई; सुबह बलूच आर्मी ने 90 सैनिक मारने का दावा किया था

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में रविवार देर शाम को ग्वादर कोस्ट गार्ड पर हमला किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां पर सुरक्षा बलों और हमलावर लड़ाकों ने एक दूसरे पर फायरिंग की। कुछ लड़ाके हथियारों के साथ कोस्ट गार्ड के अंदर घुस गए और वहां से हमला किया। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि यह लड़ाके BLA से जुड़े हैं या किसी अन्य संगठन के सदस्य हैं। इससे पहले रविवार सुबह ही बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सेना पर फिदायीन हमले का दावा किया था। इसमें 90 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे। क्वेटा से ताफ्तान जा रहे 8 मिलिट्री वाहनों पर नोशकी के हाईवे के पास हमला किया गया। BLA के मुताबिक उसकी मजीद और फतेह ब्रिगेड ने सेना के काफिले पर सुसाइड बॉम्बिंग की। रविवार सुबह हुए फिदायीन हमले के बाद की दो तस्वीरें… फिदायीन लड़ाके ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी से किया हमला
जानकारी के मुताबिक सुबह BLA का एक फिदायीन लड़ाका विस्फोटकों से भरी गाड़ी लेकर सेना के काफिले से टकरा गया। इसके बाद फतेह स्क्वॉड ने सेना के काफिले में घुसकर हमला किया। जिस वाहन पर सुसाइड अटैक किया गया था, वो पूरी तरह तबाह हो गया। घायलों को नोशकी के अस्पताल में भर्ती किया गया। इलाके में इमरजेंसी लागू कर दी गई। पाकिस्तानी पुलिस बोली- सिर्फ 5 सैनिक मारे गए
पाकिस्तानी पुलिस ने बलूच आर्मी के दावे के उलट कहा है कि सड़क के पास पड़े एक बम में विस्फोट हुआ। सैनिकों को लेकर वहां से गुजर रही बस इसकी चपेट में आ गई। हमले में पांच पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं, जबकि 10 घायल हुए हैं। मृतकों और घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। BLA ने 6 दिन पहले पैसेंजर ट्रेन हाइजैक कर ली थी 6 दिन पहले BLA ने पाकिस्तान में पैसेंजर ट्रेन का अपहरण कर लिया था। BLA का दावा था कि उसने ट्रेन से बंधक बनाए 214 पाकिस्तानी सेना से जुड़े लोगों को मार डाला है। हालांकि इस मामले में पाकिस्तानी सेना ने कहा था कि उसके सिर्फ 28 सैनिक मारे गए थे, जबकि सभी 33 बलूच लड़ाकों को ढेर कर दिया गया था। आखिरी आतंकी के मारे जाने तक जंग- CM बलूचिस्तान बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुग्ती ने कहा कि बलूचिस्तान की शांति से खेलने वालों का खात्मा बहुत बुरा होगा। ये कायराना हमले हमारे हिम्मत को नहीं तोड़ सकते। हर कीमत पर हम शांति को कायम करेंगे। यह जंग तब तक जारी रहेगी, जब तक आखिरी आतंकवादी नहीं मारा जाता। BLA ने क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक किया था 11 मार्च को को BLA ने क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर पैसेंजर ट्रेन को हाईजैक कर लिया था। जाफर एक्सप्रेस मंगलवार की सुबह 9 बजे क्वेटा से पेशावर के लिए चली थी। इसके सिबि पहुंचने का टाइम 1.30 बजे था। इससे पहले ही दोपहर करीब 1 बजे बलूचिस्तान के बोलान जिले के माशकाफ इलाके में बलूच लिबरेशन आर्मी ने इस हमले को अंजाम दिया। यह पहाड़ी इलाका है, जहां 17 सुरंगें हैं, इसके चलते ट्रेन को धीमी स्पीड पर चलाना पड़ता है। इसका फायदा उठाकर BLA ने ट्रेन पर हमला किया। सबसे पहले बलूच आर्मी ने माशकाफ में टनल नंबर-8 में रेलवे ट्रैक को उड़ा दिया। इससे जाफर एक्सप्रेस डिरेल हो गई। इसके बाद BLA ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में ट्रेन का ड्राइवर भी घायल हुआ। इस ट्रेन में सुरक्षाबल, पुलिस और ISI के एजेंट्स सफर कर रहे थे। सभी पंजाब जा रहे थे। इन्होंने BLA के हमले का जवाब दिया, लेकिन BLA ने ट्रेन पर कब्जा कर लिया। पूरी खबर यहां पढ़ें… बलूच लिबरेशन आर्मी क्या है
बलूचिस्तान में कई लोगों का मानना है कि भारत-पाकिस्तान बंटवारे के बाद वे एक आजाद देश के तौर पर रहना चाहते थे, लेकिन बिना उनकी मर्जी से उन्हें पाकिस्तान में शामिल कर दिया गया था। इस वजह से बलूचिस्तान में सेना और लोगों का संघर्ष आज भी जारी है। BLA की प्रमुख मांग पाकिस्तान से अलग होकर बलूचिस्तान देश का गठन करना है। बलूचिस्तान में आजादी की मांग करने वाले कई संगठन हैं। इनमें बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) सबसे ताकतवर संगठन है। ये संगठन 70 के दशक में अस्तित्व में आया, लेकिन 21वीं सदी में इसका प्रभाव बढ़ा है। BLA बलूचिस्तान को पाकिस्तानी सरकार और चीन से मुक्ति दिलाना चाहता है। उनका मानना है कि बलूचिस्तान के संसाधनों पर उनका हक है। पाकिस्तान सरकार ने बलूच लिबरेशन आर्मी को 2007 में आतंकी संगठनों की सूची में शामिल किया था। ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स में पाकिस्तान दूसरे नंबर पर
सिडनी स्थित इंस्टीट्यूट फॉर इकोनॉमिक्स एंड पीस की तरफ से जारी वैश्विक आतंकवाद सूचकांक (GTI) रिपोर्ट 2025 में पाकिस्तान को दुनिया में दूसरा सबसे ज्यादा आतंक प्रभावित देश बताया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान सबसे ज्यादा आतंक प्रभावित इलाके हैं। देश भर की कुल आतंकी घटनाओं में से 90% इसी इलाके में हुईं। रिपोर्ट में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान को लगातार दूसरे साल पाकिस्तान का सबसे खतरनाक आतंकवादी संगठन बताया गया। 2024 में इस ग्रुप ने 482 हमले किए, जिसकी वजह से 558 मौतें हुई थीं, जो 2023 के मुकाबले 91% ज्यादा हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *