भास्कर न्यूज | अमृतसर भारतीय पंजाब की तर्ज पर पाकिस्तानी पंजाब में भी लोहड़ी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। एक तरफ जहां लोगों ने भुग्गे जला कर मूंगफली, रेवड़ियां और गजक बांटे और गिद्दा डाला वहीं दूसरी तरफ कुछ लोगों ने लोहड़ी के केंद्र बिंदु दुल्ला भट्टी की मजार पर जाकर जियारत की। लाहौर की गद्दाफी स्टेडियम में पंजाबी प्रचार, मजलस शिव कुमार बटालवी, हड़प्पा वासी, सुलेख संगत, नजम फैलोज, पंजाबी संगत पाकिस्तान और लोक सार आदि संस्थाओं ने मिलजुल कर लोहड़ी मनाई। पंजाब प्रचार संस्था के अहमद रजा पंजाबी और बाबर जालंधरी ने बताया कि समागम रात 8:00 बजे शुरू हुआ था और मध्य रात्रि 12:00 बजे तक चला। यह सारा समागम पंजाबी और पंजाबियत को समर्पित रहा। इसमें गिद्दा के अलावा शेर-ओ-शायरी भी हुई। लोहड़ी के केंद्र बिंदु माने जाने वाले क्रांतिकारी दुल्ला भट्टी की लाहौर के मियानी कब्रिस्तान स्थित मजार पर भगत सिंह मैमोरियल फाउंडेशन के चेयरमैन इम्तियाज राशिद कुरैशी ने लोहड़ी के मौके अपनी टीम के साथ जाकर जियारत की। कुरैशी और मलिक एहतिशाम उल हसन, डॉ. शाहिद नसीर ने दुल्ला भट्टी के बारे में जानकारी दी।


