पाकिस्तान से आई मिसाइल मानसा में गिरी:मल सिंह वाला गांव के खेत में रात 2 बजे हुआ ब्लास्ट, 9 फीट गहरा गड्ढा बना

पंजाब के मानसा जिले में शनिवार देर रात पाकिस्तान की ओर से आई एक मिसाइल के गिरने से जोरदार धमाका हुआ। मिसाइल गांव मल सिंह वाला के खेतों में गिरी। इसमें हुए विस्फोट से जमीन में 8 से 9 फुट गहरा गड्‌ढा हो गया है। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सुबह पुलिस और सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। मल सिंह वाला के स्थानीय निवासियों ने बताया कि रात को करीब 2 बजे हुए विस्फोट के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। रात से ही घटनास्थल पर कड़ी निगरानी बनाए रखी। ग्रामीणों के अनुसार, मिसाइल के टुकड़े काफी दूर-दूर तक बिखरे हुए हैं। मिसाइल के प्रभाव से जमीन में लगभग 8 से 9 फीट गहरा गड्ढा बन गया है। जिला प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी ने भारतीय सेना को घटना की सूचना दे दी है। सेना की विशेषज्ञ टीम जल्द ही मौके पर पहुंचकर मिसाइल के बिखरे हुए टुकड़ों को इकट्ठा करेगी और पूरे मामले की जांच करेगी। जिला अधिकारियों ने अभी तक इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर डटी हुई हैं और स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है। सेना की टीम के पहुंचने के बाद ही मिसाइल के प्रकार और उसके स्रोत के बारे में विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *