पाकुड़ में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह नगर के आरजे स्टेडियम में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर झारखंड सरकार के श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी, डीएफओ सौरभ चंद्रा सहित जिले के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे। मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया, जिसमें जिला पुलिस बल, होमगार्ड और विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं की कुल 11 परेड टुकड़ियों ने भाग लिया। अनुशासित कदमताल और आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गई झांकियों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। संविधान और सरकार की उपलब्धियां बताई समारोह को संबोधित करते हुए श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि वर्ष 1950 में देश में संविधान लागू हुआ, जिसे हमारे पूर्वजों ने कड़ी मेहनत और दूरदर्शिता से तैयार किया। यह संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान करता है। उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि झारखंड सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास को प्राथमिकता दे रही है। मंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि झारखंड में संसाधनों की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो उनके बेहतर और ईमानदार उपयोग की, ताकि राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सके। विभिन्न कार्यालयों में फहराया गया तिरंगा मुख्य समारोह के अलावा पूरे जिले में गणतंत्र दिवस को लेकर उत्साह का माहौल रहा। सभी प्रखंडों, सरकारी और निजी स्कूलों तथा कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी गई। समाहरणालय परिसर में उपायुक्त मनीष कुमार ने तिरंगा फहराया। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा कार्यालय में जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम और कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष श्रीकुमार सरकार ने ध्वज फहराया। समारोह के अंत में मंत्री संजय प्रसाद यादव ने सर्वश्रेष्ठ परेड टुकड़ियों और आकर्षक झांकियों को प्रशस्ति पत्र और कप देकर सम्मानित किया। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति का माहौल बना रहा और लोगों ने गणतंत्र दिवस को गर्व और उल्लास के साथ मनाया।


