पाकुड़ में दुर्गा पूजा का उल्लास चरम पर:महाअष्टमी पर उमड़ी भीड़, सांसद और अधिकारियों ने किया निरीक्षण

पाकुड़ जिले में दुर्गा पूजा का उल्लास चरम पर है। मंगलवार को महाअष्टमी के अवसर पर जिले भर के सभी पूजा पंडालों और मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने स्नान कर नए वस्त्र धारण किए और अपने नजदीकी दुर्गा पूजा पंडालों तथा मंदिरों में पहुंचकर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप महागौरी की पूजा-अर्चना की। महाअष्टमी पर पुरोहितों द्वारा पुष्पांजलि का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। राजमहल लोकसभा क्षेत्र के जेएमएम सांसद विजय हांसदा ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का दौरा कर मां दुर्गा के दर्शन किए। उनके साथ जेएमएम जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम सहित दर्जनों कार्यकर्ता भी मौजूद थे। कई पूजा पंडालों का अवलोकन किया सांसद हांसदा ने कालिकापुर, रेलवे कॉलोनी, नारी शक्ति, सद्भावना केंद्र, रेलवे स्टेशन, कालीतल्ला, राजापाड़ा, बैंक कॉलोनी और पुस्तकालय सहित कई पूजा पंडालों का अवलोकन किया। उन्होंने इस अवसर पर राज्यवासियों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की और सभी को दुर्गा पूजा की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सांसद ने बताया कि वह हर वर्ष भक्ति भाव से इस पर्व को मनाते हैं और पूजा पंडालों का दर्शन करते हैं। नगर के हरतक्की तल्ला में एक भव्य पंडाल और प्रतिमा स्थापित की गई है। अध्यक्ष विद्याधर महतो ने बताया कि यहां वर्ष 2011 से पूजा का आयोजन होता आ रहा है और इस वर्ष भी पूरे धूमधाम से दुर्गा पूजा मनाई जा रही है। जिले के पाकुरिया, आमरापारा, महेशपुर और हिरनपुर में भी दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए माल पहाड़ी थाना क्षेत्र में अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी और एसडीपीओ दयानंद आजाद के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया। अधिकारियों ने कई पूजा पंडालों का निरीक्षण भी किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पाकुड़ सदर प्रखंड के तिलभीटा, नबीनगर और सीता पहाड़ी समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में भी दुर्गा पूजा पूरे धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *