पाकुड़ में धान के ढेर से कोबरा का रेस्क्यू:वन विभाग के सर्प मित्र ने सुरक्षित स्थान पर छोड़ा, कहा- सांप प्रकृति के रक्षक होते हैं

पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड अंतर्गत ईटपाड़ा गांव में एक किसान के घर के पास रखे धान के ढेर से एक जहरीले कोबरा सांप का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया है। यह घटना राजेश सरकार नामक किसान के घर के पास हुई। राजेश सरकार ने अपने घर के पास रखे धान के पुआल के नीचे सांप को देखा। सांप को देखते ही वे घबरा गए और उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने वन विभाग के सर्प मित्र अशराफुल शेख को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही शेख मौके पर पहुंचे और सबसे पहले उन्होंने भीड़ को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने सांप के रेस्क्यू के लिए घटनास्थल का मुआयना किया। मुआयना करने के बाद सर्प मित्र अशराफुल शेख ने सांप का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। सांप को पकड़ने के बाद उसे एक सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। अशराफुल शेख ने बताया कि यह एक अत्यंत जहरीला सांप है और यह छोटे जानवरों का शिकार करता है। उन्होंने अनुमान लगाया कि संभवतः शिकार की तलाश में ही यह सांप यहां छिपा हुआ था। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप प्रकृति के रक्षक होते हैं और हमें उन्हें मारने से बचना चाहिए। यदि सांप दिखे तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें। महेशपुर प्रखंड में अक्सर सांप निकलते रहते हैं और वन विभाग के सर्प मित्र द्वारा कई सांपों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया है। शेख ने बताया कि महेशपुर में बड़ी संख्या में सांप पाए जाते हैं, जिनमें कई दुर्लभ प्रजातियां भी शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बरसात के मौसम में सांप सबसे अधिक निकलते हैं। वन विभाग लगातार लोगों से अपील करता है कि सांप दिखने पर इसकी सूचना विभाग को दें ताकि उनका सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *