स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान के तहत डीएवी पब्लिक स्कूल पाकुड़ में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। विद्यालय से शुरू हुई यह रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी चौक, हिरण चौक, अंबेडकर चौक, बिरसा चौक और इंदिरा चौक का भ्रमण कर विद्यालय लौटी। छात्रों ने तिरंगा और देशभक्ति से संबंधित तख्तियां लेकर रैली में भाग लिया। मार्ग में भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे गूंजते रहे। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने राष्ट्रीय ध्वज को हर समय सम्मान देने का संकल्प लिया। बुधवार को पत्र लेखन और क्विज प्रतियोगिता होगी विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने छात्रों को देशभक्ति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्कूल में इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। बुधवार को पत्र लेखन और क्विज प्रतियोगिता होगी, जिसमें छात्र सैनिकों और पुलिस बलों को पत्र लिखेंगे। प्राचार्य ने कहा कि इन गतिविधियों से बच्चों में राष्ट्रीयता की भावना मजबूत होती है। वे स्वतंत्रता संग्राम का महत्व समझते हैं और राष्ट्र, संविधान व राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान सीखते हैं। शहर में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। तिरंगा झंडा और अन्य सामग्री की बिक्री देखी जा रही है। जिला प्रशासन भी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों में जुटा है।


