पाकुड़ रथ मेला में नकली नोट लेकर पहुंची महिला:खरीदारी करते 17 सौ रुपए के साथ धराई, पुलिस ने हिरासत में लिया, पूछताछ जारी

पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के ऐतिहासिक रथ मेला के दौरान नकली नोट चलाने का एक मामला सामने आया है। एक महिला को खरीदारी के दौरान नकली नोट से भुगतान करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। महिला के पास से कुल 1700 रुपए के नकली नोट बरामद किए गए हैं। हैरानी की बात यह है कि पुलिस पूछताछ में महिला कुछ भी बताने से साफ इनकार कर रही है। ऐसे पकड़ी गई महिला घटना तब घटी जब महिला अपनी एक साथी के साथ मेला घूमने और खरीदारी करने आई थी। उसने पहले एक दुकान पर 500 रुपए का नकली नोट देकर सामान खरीदा। दुकानदार ने बिना शक किए उसे बाकी के पैसे वापस कर दिए। इसके बाद महिला दूसरी दुकान पर पहुंची और फिर से 500 रुपए का नकली नोट चलाया। इसी दौरान पहले दुकानदार को नोट पर शक हुआ। उसने दूसरी दुकान पर पहुंचकर महिला को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद मेला कमेटी को सूचना दी गई। मेला कमेटी ने तुरंत नगर थाना को खबर दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया। महिला से लगातार हो रही पूछताछ पुलिस अवर निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि महिला नकली नोट कहां से लाई और उसका कोई गिरोह से संबंध है या नहीं। उन्होंने यह भी बताया कि रथ मेला में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी मेला क्षेत्र में कई मामले आए हैं। आधा दर्जन महिलाओं के सोने की चेन, पर्स और मोबाइल चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं को लेकर पुलिस ने एक अन्य महिला को भी गिरफ्तार किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *