पूर्व रेलवे हावड़ा मंडल का पाकुड़ रेलवे स्टेशन राजस्व में अग्रणी होने के बावजूद यात्री सुविधाओं में पिछड़ा हुआ है। दो वर्ष पहले अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन के विकास का वादा किया गया था। अब तक काम शुरू नहीं हो सका है। रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने स्टेशन के सामने एक छोटा पार्क बनाया, लेकिन विकास कार्य धीमे पड़ गए। वर्तमान में स्टेशन की स्थिति खराब है। प्लेटफॉर्म का फर्श जगह-जगह से टूटा हुआ है। स्टेशन के सामने रेलवे मैदान में पुराने अवशेषों का मलबा पड़ा है। पार्क भी क्षतिग्रस्त हो चुका है। यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए विद्युत चलंत सीढ़ी और लिफ्ट टेक्निकल कारणों से बंद हैं। प्लेटफॉर्म पर लगे बेंच भी जर्जर स्थिति में हैं। सीनियर अधिकारी इसके लिए जिम्मेदार ईजरप्पा के अध्यक्ष हिसाबी राय ने ईस्टर्न रेलवे के वरिष्ठ पदाधिकारियों को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बताया कि 4-5 लाख रुपए पार्क और शौचालय बनाने में खर्च किए गए, जो अब उपयोग में नहीं हैं। कई बार अधिकारियों का ध्यान इस ओर खींचा गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्टेशन प्रबंधक लखी राम हेंब्रम के अनुसार, विद्युत चलंत सीढ़ी और लिफ्ट लो वोल्टेज के कारण बंद हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि इस समस्या पर उपकरण लगाते समय ही ध्यान देना चाहिए था। अमृत भारत योजना के तहत चल रहे कार्यों के बारे में उन्होंने वरिष्ठ पदाधिकारियों से संपर्क करने को कहा है।


