भास्कर | पाटन पाटन थाना परिसर में थाना प्रभारी शशि शेखर पांडेय की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस मौके पर सड़क निर्माण, पुल निर्माण कार्यस्थलों पर सुरक्षा व निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। थाना प्रभारी ने निर्माण स्थल एवं माइनिंग क्षेत्रों में किसी भी अनहोनी की रोकथाम तथा दर्ज मामलों में साक्ष्य की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने का निर्देश दिया। विकास कार्यों में प्रयुक्त वाहनों में जीपीएस या डैश कैमरा लगाना भी आवश्यक बताया गया, ताकि कार्यस्थलों की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके। कहा कि सीसीटीवी व जीपीएस कैमरा जैसी व्यवस्थाएं न सिर्फ घटनाओं की रोकथाम में मदद करेंगी, बल्कि जांच प्रक्रिया को भी मजबूत बनाएंगी। यह कदम जनहित और कानून व्यवस्था दोनों के लिए अहम है।


