नागौर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत पादूकलां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक होटल संचालक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एमडीएमए, स्मैक और नकदी बरामद की है। यह कार्रवाई 4 जनवरी 2026 को सरहद पादूकलां स्थित होटल मूंछ मरोड़ पर की गई। नागौर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नागौर और वृत्ताधिकारी डेगाना के सुपरविजन में थानाधिकारी उमाशंकर (नि.पु.) के नेतृत्व में गठित टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर दबिश दी थी। दबिश के दौरान होटल संचालक जाकिर हुसैन पुत्र सफी मोहम्मद (उम्र 34 वर्ष, निवासी राईको की ढाणी, पादूकलां) के पास से 14 ग्राम एमडीएमए, 9 ग्राम स्मैक (कुल 23 ग्राम) और बिक्री के 5400 रुपये नकद मिले। मादक पदार्थ मिलने पर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी होटल की आड़ में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री कर रहा था। पुलिस अब आरोपी के तस्करी नेटवर्क और खरीदारों के संबंध में भी गहनता से जांच कर रही है। नागौर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे की गिरफ्त से मुक्त किया जा सके।


