पानी की समस्या दूर नहीं होने पर आंदोलन : कांग्रेस

दुर्ग| नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले ने नगर निगम प्रशासन से कहा कि यदि पेयजल संकट के समाधान के लिए नगर निगम प्रशासन युद्ध स्तर पर कार्रवाई नहीं करता है तो कांग्रेस पार्टी नागरिकों के साथ मिलकर आंदोलन पर बाध्य होगी। उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में अभी गर्मी की शुरुआत ही हुई है और शहर में पानी के लिए हाहाकार मचने लगा है। समस्या मूलक वार्डों में तो लोग अभी से बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं और नगर निगम प्रशासन को बगैर पानी पीए कोस रहे हैं। पिछले एक पखवाड़े से शहर में पेयजल वितरण व्यवस्था चरमरा गई है। बगैर किसी पूर्व सूचना के पेयजल आपूर्ति ठप कर दी जाती है। कभी शिवनाथ नदी के इंटकवेल में तो कभी फिल्टर प्लांट में तकनीकी खराबी आ जाती है। नतीजतन पेयजल आपूर्ति बाधित हो जाती है। जब नगर निगम में कांग्रेस सत्तारूढ़ थी तब पहले से ही जल संकट से निपटने एहतियाती कदम उठा लिए जाते थे और सभी तरह की तकनीकी खराबी दूर कर संधारण कार्य समय रहते करा लिए जाते थे। जिससे गर्मी के मौसम में भी पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं होती थी। लेकिन नगर निगम में भाजपा की सत्ता कायम होने के बाद महापौर की अदूरदर्शिता के कारण अभी से पेयजल संकट की स्थिति गंभीर हो गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *