छत्तीसगढ़ के गौरेला पेंड्रा मरवाही क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश के कारण वन विभाग द्वारा निर्मित कई एनीकट बह गए हैं। बिलासपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में गंभीर क्षति हुई है। यह हाईवे अभी 50 प्रतिशत भी पूरा नहीं हुआ है। कारिआम और जोगीसार के बीच निर्माणाधीन पुलिया के लिए बनाया गया बाईपास बारिश के पानी के तेज बहाव से दो हिस्सों में बंट गया है। यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए वाहनों को पेंड्रा और खोडरी के रास्ते से बिलासपुर, अनूपपुर, शहडोल और जबलपुर की ओर भेजा जा रहा है। टूटी पुलिया की मरम्मत का काम जारी एसडीएम ऋचा चंद्राकर ने क्षतिग्रस्त पुलियों का निरीक्षण किया। कोटमी खुर्द में कालेवा नाला के बहाव से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। जोगीसार में टूटी पुलिया की मरम्मत का काम चल रहा है। इसके बाद बेलपत की पुलिया का सुधार किया जाएगा। एसडीएम ने ठेकेदार और इंजीनियर को शीघ्र मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के उप अभियंता भी मौजूद थे।


