कोटपूतली के सरुण्ड थाना क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पेयजल संकट गहराया हुआ है। इस समस्या से परेशान ग्रामीणों ने आज कोटपूतली-नीमकाथाना स्टेट हाईवे जाम कर दिया। ग्रामीण बाल्टी और मटके लेकर सड़क पर बैठ गए, जिससे यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर सरुण्ड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से समझाइश की। पुलिस की समझाइश के बाद जाम खुलवाया गया और यातायात सुचारु किया गया। पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि पानी की मांग जायज है, लेकिन सड़क जाम करने से समस्या और बढ़ जाती है। उन्होंने ग्रामीणों को अपनी मांग जलदाय विभाग तक पहुंचाने की सलाह दी ताकि संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर ग्रामीण सांसद और विधायक को अवगत कराया गया। सांसद ने कलेक्टर से बात कर तत्काल पानी के टैंकरों की व्यवस्था करवाई और पेयजल बोरिंग को और गहरा करने के निर्देश दिए। शाम तक टैंकर पहुंचने पर ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध हो सका। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि पेयजल समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ, तो वे कल कोटपूतली जलदाय विभाग पहुंचकर धरना प्रदर्शन करेंगे।


