भोपाल के कोलार इलाके में मंगलवार शाम एक खाली प्लॉट में पानी के अंदर मानव अंग जैसा कुछ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही कोलार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में यह अंग किसी इंसान के पैर जैसा लग रहा है। थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह किसी व्यक्ति का शरीर का हिस्सा है या नहीं। पानी को खाली कराया जा रहा है, जिसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना की सूचना शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच मिली। कुछ बच्चों ने नजदीकी राजधानी ढाबे के पास पानी में पैर जैसा कुछ देखा और वहां मौजूद पुलिसकर्मी को बताया। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार, पानी में एक बोरा भी मिला है, जिसके अंदर लाश होने की आशंका जताई जा रही है। पानी पूरी तरह खाली होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। मौके पर फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंच चुके हैं। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लापता बच्चों या व्यक्तियों की जानकारी खंगालना शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह शव किसी 8 से 9 साल की बच्ची का है या किसी अन्य व्यक्ति का। पुलिस का कहना है कि पानी खाली होने और पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की वजह और पहचान का खुलासा हो सकेगा।


