पामगढ़ में रेत परिवहन करते तीन हाइवा जब्त

भास्कर न्यूज| पामगढ़ अवैध रेत परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की और तीन हाइवा को रेत परिवहन करते हुए जब्त कर लिया। यह कार्रवाई कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर रात में की गई। पामगढ़ ब्लॉक के देवरघटा और तनोद के रेत घाटों से लगातार अवैध रेत खनन और परिवहन हो रहा था, जिसकी सूचना मिलने पर खनिज विभाग ने कार्रवाई की। ग्रामीणों द्वारा तीन गाड़ियों को रोके जाने पर पता चला कि सभी गाड़ियां बिना रॉयल्टी के रेत का परिवहन कर रही थीं। इस पर अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन जब संपर्क नहीं हो पाया, तो कलेक्टर से शिकायत की गई। उनके आदेश के बाद खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए तीन हाइवा को जब्त कर लिया। पामगढ़ विकासखंड में महानदी के रेत घाटों की नीलामी अब तक नहीं हुई है, जिससे रेत माफिया का अवैध खनन जारी है। चैन माउंटेन मशीनों के माध्यम से बड़ी मात्रा में रेत का उत्खनन हो रहा है। रसौटा निवासी रितेश प्रेमी ने बताया कि गांव में दिनभर ओवरलोड रेत गाड़ियां गुजरती रहती हैं, जो बच्चों और अन्य गांववासियों के लिए खतरे की घंटी बन चुकी हैं। नीलामी नहीं होने से सरकार को नुकसान महानदी के घाटों की नीलामी न होने के कारण राज्य सरकार को भारी राजस्व का नुकसान हो रहा है। अवैध खनन और परिवहन से माफिया को फायदा हो रहा है, जबकि राज्य शासन को राजस्व का बड़ा नुकसान हो रहा है। अगर घाटों की नीलामी समय पर होती, तो शासन को उचित राजस्व मिलता। इस अवैध कारोबार को रोकने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *