मेरठ के कपसाड़ गांव से अगवा की गई रूबी और पारस सोम को पुलिस ने शनिवार देर रात सहारनपुर से बरामद कर लिया। इसके बाद दोनों को मेरठ लाया गया है। आज रूबी के बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए जाएंगे। पारस और रूबी का पिछले तीन साल से अफेयर चल रहा था। गांव में दोनों के रिश्ते को लेकर पहले भी तीन बार पंचायत हो चुकी थी। हाल ही में रूबी का रिश्ता कहीं और तय हो गया था। यह बात पारस को पता चली तो पारस ने प्लान बनाकर रूबी को किडनैप कर लिया। अब पढ़िए पारस रूबी को किडनैप करके कहां ले गया… कपसाड़ से खतौली, फिर दिल्ली और गुरुग्राम पहुंचे पुलिस जांच में सामने आया है कि पारस सोम 8 जनवरी को रूबी को कपसाड़ से किडनैप कर पहले अपनी रिश्तेदारी में खतौली ले गया। इसी दौरान रूबी की मां सुनीता की मौत की खबर मिली। खबर मिलने के बाद दोनों दिल्ली चले गए। दिल्ली में एक होटल में रात बिताई। इसके बाद 9 जनवरी को गुरुग्राम में पारस अपने एक दोस्त के पास रुका। पारस मीडिया के जरिए गांव के हालात पर नजर रखे हुए था। गांव का माहौल बिगड़ता देख वह रूबी को लेकर 9 जनवरी को ही गुरुग्राम से ट्रेन के जरिए सहारनपुर पहुंच गया। बहन के घर रुके, हरिद्वार जाते समय पकड़े गए सहारनपुर के टपरी गांव में पारस की बहन रहती है। दोनों ने शुक्रवार रात वहीं बिताई। शनिवार 10 जनवरी को वे हरिद्वार जाने के लिए ट्रेन में सवार हुए। इसी दौरान पारस ने दूसरे यात्री के फोन से झोलाछाप डॉक्टर राजेंद्र को फोन कर अपने परिवार की जानकारी ली। राजेंद्र के पास ही पारस नौकरी करता था। पारस का मोबाइल सर्विलांस पर था। कॉल मिलते ही मेरठ पुलिस ने हरिद्वार पुलिस से संपर्क किया और रुड़की में घेराबंदी कराई गई। इससे पहले कि दोनों ट्रेन से आगे निकल पाते, हरिद्वार एसएसपी ने एसपी देहात को तुरंत रुड़की रेलवे स्टेशन भेज दिया। पुलिस टीम ने रुड़की रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर रूबी को सुरक्षित बरामद कर लिया और पारस सोम को गिरफ्तार कर लिया। दोनों हरिद्वार भागने की तैयारी में थे। शनिवार शाम 6:15 बजे हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तारी की। इसके बाद मेरठ से एसपी सिटी की टीम मौके पर पहुंची और देर रात करीब 10:30 बजे दोनों को मेरठ ले आई। पुलिस कस्टडी में कबूला प्यार का मामला पुलिस कस्टडी में पारस सोम ने बताया कि कॉलेज में पढ़ाई के दौरान तीन साल पहले रूबी से उसका प्रेम संबंध शुरू हुआ था। दोनों ने साथ भागने का फैसला आपसी सहमति से किया था, क्योंकि परिवार रूबी की शादी कहीं और तय कर चुका था। पुलिस का कहना है कि सुनीता द्वारा विरोध करने पर हाथापाई हुई, जिसमें फरसे से हमला किया गया। इस मामले में पारस सोम और सुनील सोम को साथ लेकर पुलिस देर रात हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी में जुटी रही। रुबी को फिलहाल आशा ज्योति केंद्र में महिला पुलिस की कस्टडी में रखा गया है। कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने ही युवती के बयान दर्ज किए जाएंगे। उसके बाद ही मुकदमे में आगे का निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल दोनों को सुनीता हत्याकांड में आरोपी बनाया जाएगा। रूबी के बयानों को आधार बनाते हुए मुकदमे में अन्य धाराएं बढ़ा दी जाएगी। ——————— ये खबर भी पढ़ें… मेरठ से अगवा दलित लड़की सहारनपुर में मिली:लड़का भी पकड़ा गया, मां की हत्या करके उठा ले गया था मेरठ से एक दलित लड़की को एक युवक दिनदहाड़े उठाकर ले गया था। लड़की को बचाने आई उसकी बुजुर्ग मां की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी थी। वारदात के 3 दिन बाद शनिवार को आरोपी पारस और उसके साथ गई रूबी को पुलिस ने सहारनपुर से बरामद कर लिया। पुलिस दोनों को लेकर मेरठ रवाना हो गई है। पढ़ें पूरी खबर…


