बोकारो थर्मल | बोकारो थर्मल में एक व्यवसायी की मौत के बाद दुकानदारों ने शुक्रवार को बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन के सभी दुकानों को बंद कर अपने साथी दुकानदार को श्रद्धांजलि दी। मृतक दुकानदार कपड़ा व्यवसायी अचू पाल ने गुरुवार की संध्या फांसी लगा ली थी। उनकी इलाज के दौरान डीवीसी के बोकारो थर्मल अस्पताल में मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक की इकलौती आठ वर्षीय पुत्री को थैलेसीमिया है, जिसे अस्पताल में ले जाकर ब्लड चढ़ाना पड़ता था। साथ ही वह भी बीमार हो गए थे। इस कारण वह परेशान रहते थे। घटना की सूचना पाकर बेरमो प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह गोविंदपुर बी पंचायत के मुखिया चंद्रदेव घासी, एफ पंचायत समिति सदस्य के प्रतिनिधि बिरसा रजक व स्टेशन मार्केट के दुकानदार व समाजसेवी मृतक के परिजनों से मिलने पहुंचे और उन्हें हर तरह का सहयोग करने का आश्वासन दिया। मुखिया चंद्रदेव घासी ने सरकार द्वारा घोषित सभी योजनाओं का लाभ आश्रित को दिलाने का आश्वासन दिया।


