चाईबासा| टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत पालीसाई में किसी बात को लेकर हुए विवाद में छोटी बहू संकारी लागुरी ने भाई ससुर बिरसा सवैया की अपने मायके से 15-20 लोगों को बुलाकर पीट-पीट कर हत्या करवा दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में करने के बाद सदर अस्पताल में बुधवार को पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया। घटना रविवार की बताई जा रही है। घटना के संबंध में बताया गया कि बिरसा से किसी बात को लेकर संकारी लागुरी का विवाद हुआ था। जिसकी शिकायत पर रविवार की सुबह ग्राम मुंडा की अध्यक्षता में गांव में पंचायती की गई। दोनों के बीच समझौता भी कराया गया, लेकिन छोटी बहू को पंच का यह फैसला मंजूर नहीं था। उसने शाम को अपने मायके वालों को बुलाया और उसकी पिटाई करवा दी। इतनी पिटाई करवा दी थी कि उसकी हालत गंभीर हो गई। इलाज घर पर ही चल रहा था। उचित इलाज के अभाव में सोमवार की रात 54 वर्षीय भाई ससुर बिरसा सवैया की मौत हो गई। इसकी सूचना प्राप्त होने पर टोंटो थाना पुलिस ने मंगलवार शाम को पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल पहुंचाया। शाम होने के कारण दूसरे दिन बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस संबंध में थाना पुलिस द्वारा दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।


