देवास जिले में पुलिस ने ट्रकों की कटिंग कर माल चोरी करने वाले एक कंजर गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से SANSUI कंपनी की 8 LED टीवी, दो मोटरसाइकिल, एक कटर और 91 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3.25 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी रात में सड़क पर पार्क ट्रकों सामान चोरी करते थे। चोरों के पास से 13 एलईडी टीवी बरामद
यह कार्रवाई 10 दिसंबर 2025 को दर्ज एक शिकायत के बाद की गई। फरियादी जसराम यादव, निवासी बूटा जिला इटावा (उत्तर प्रदेश), ने टोंकखुर्द थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके ट्रक से SANSUI कंपनी की 13 LED टीवी चोरी कर ली हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए, मुखबिरों को सक्रिय किया और आगरा–बॉम्बे हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में चोरी के बाद आरोपी भागते हुए नजर आए। इसके आधार पर पुलिस ने सबसे पहले विकास गुदेन (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया, जिसके पास से एक LED टीवी बरामद हुई। ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आर्यन हाड़ा (19 वर्ष) और पंकज उर्फ रोहित गुदेन (22 वर्ष) को पकड़ा। इनके कब्जे से दो LED टीवी, 38 हजार रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और एक कटर जब्त किया गया। इसके बाद मोड सिंह कंजर (56 वर्ष) और सतीश कंजर (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से पांच LED टीवी, एक मोटरसाइकिल और 53 हजार रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तार सभी आरोपी टोंकखुर्द थाना क्षेत्र के कंजर डेरा देवमुंडला और सामगी के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य वारदातों में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।


