भास्कर न्यूज |लुधियाना मंगलवार देर रात होटल नीलगिरी के बाहर पार्किंग को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान हवाई फायरिंग भी हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आत्म नगर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात काबू किए। जानकारी के मुताबिक एक क्रेटा कार में सवार होकर दो महिलाएं और एक युवक ढोलेवाल चौक की ओर से होटल नीलगिरी के पास पहुंचे। वहां पहले से एक इनोवा कार खड़ी थी, जिसका चालक पास की दुकान से सिगरेट लेने गया था। इसी दौरान क्रेटा में बैठी एक महिला जो नशे में थी, बाहर निकली और पार्किंग को लेकर इनोवा चालक से बहसबाजी शुरू कर दी। कुछ देर बाद वह महिला वापस गाड़ी में बैठ गई, लेकिन कार से उतरे युवक ने इनोवा चालक से झगड़ा शुरू कर दिया और मारपीट पर उतर आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान गोली चलने की आवाज भी सुनाई दी। फायरिंग की सूचना मिलते ही आत्म नगर चौकी इंचार्ज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत करवाया। पुलिस ने मौके से क्रेटा कार में सवार युवक और दोनों महिलाओं को हिरासत में लिया और मेडिकल के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। एसएचओ बलविंदर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिलाओं के नशे में होने की पुष्टि हुई है। हालांकि फायरिंग की पुष्टि नहीं की है।


