मोनिका कुमारी| अमृतसर वार्ड नंबर 3 में सड़कों और पार्कों की हालत दयनीय है। हालात यह हैं कि यहां के पार्क नशेड़ियों के अड्डे बने हुए हैं। टूटी सड़कों के गड्ढों में भरा सीवरेज का पानी भी निवासियों के लिए परेशानी बना हुआ है। महिलाओं का कहना है कि यहां पार्कों, सड़कों और सीवरेज की समस्या जस की तस है। सरकारें बदलती रहीं, लेकिन इस इलाके की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, क्योंकि यहां निम्न वर्ग के लोग रहते हैं। यहां सीवरेज जाम की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। खराब सड़कों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। कई बार एरिया पार्षदों को परेशानी बता चुके हैं, लेकिन महिलाओं का आरोप है कि उन्होंने अब तक वार्ड की समस्याओं, जैसे सड़कों की मुरम्मत या पार्कों की सफाई, पर कोई ध्यान नहीं दिया। इस वार्ड में रहने वाले लोग सरकारों और नेताओं से नाराज हैं। यहां की समस्याएं हर चुनाव में मुद्दा बनती हैं, लेकिन समाधान कभी नहीं मिलता। चुनाव के बाद मुद्दा और नेता दोंनो गायब हो जाते है। इस बार के चुनाव में भी यही स्थिति बनी हुई है। महिलाओं ने कहा कि हर कोई सरकार अपने आप को गरीबों की सरकार बताती है, लेकिन उनके इलाके में हर पार्टी का चेहरा बेनकाब हो जाता है। धड़ल्ले से एरिया में नशा बिक रहा है। यदि पार्षद ही अपने एरिया में नशे की सप्लाई रोकने का प्रयास करेंगे तो महिलाएं भी उनका सहयोग करेंगी। ^पूरे एरिया के पार्कों में कोई सफाई नहीं है। यहां पुराने सामान समेत कूड़ा कर्कट पड़ा हुआ है। पार्क में सीवरेज का पानी रहता है। हरी घास तो यहां कम ही दिखती है। इस पार्क में नशेड़ी रात को नशे के टीके लगाते हैं। यदि इन पार्कों को मेंटेंन किया जाए तो यहां बच्चे-बुजुर्ग बैठ सकते हैं। यहां वारदात हो जाए तो कुछ पता ही नहीं चलेगा। -प्रकाश कौर, एरिया निवासी ^टूटी सड़कों और गड्ढों की वजह से दुर्घटनाएं होने का खत्तरा बना रहता है। सड़कों में गड्ढों का रीढ़ की हड्डी पर सबसे ज्यादा असर पड़ता है। इतना ही नहीं, टूटी सड़कों के कारण रोजाना टूट फूट भी होती है। लेकिन वह नेताओं से उम्मीद ही छोड़ चुकी हैं। नेता केवल बोलते हैं करते कुछ नहीं है। इसलिए वह वोट भी नहीं करेंगी। -शिंदी, एरिया निवासी ^यहां गटर का पानी बहता रहता है। जिसके कारण पूरी गली भरने से वहां से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। इससे न केवल आवाजाही में दिक्कत होती है बल्कि मच्छर, मक्खियां पैदा होने से बीमारियां फैलने का खतरा भी बना रहता है। लेकिन कोई भी नेता यहां आकर लोगों के हालात नहीं देखते, लेकिन वोट मांगने सब आ जाते हैं -कमलेश, एरिया निवासी


