भास्कर न्यूज | कांकेर शहर के सबसे बड़े गार्डन ठाकुर विश्राम सिंह पार्क का मेंटनेंस नहीं हो पा रहा है। देखरेख नहीं होने से घास व अनुपयोगी झाड़ियां बहुत उग गई है। व्यायाम करने लगाए गए ओपन जिम उपकरणों के पास भी अनुपयोगी झाड़ियां व घास उग गई है। शहर का सबसे बड़ा गार्डन 90 के दशक का बना है। पहले गार्डन में रोजाना माली व अन्य मजदूर अनुपयोगी झाड़ियों व घास की कटाई करते थे। पेड़ पौधों को पानी देते थे। अब गार्डन देखरेख के अभाव में उजाड़ हो गया है। बड़ी-बड़ी घास चारों तरफ उग गई है। अनुपयोगी झाड़ियां व घास होने से सांप बिच्छू का खतरा बना हुआ है। गार्डन में बारिश में कटाव होने से बड़ा गड्ढ़ा हो गया है। एक जगह मलबा भी रखा है। गार्डन पहुंचे मांझापारा के निर्मल माहेश्वरी, शीतलापारा के चिराग साहू, आमापारा के कपिल यादव, देवेंद्र यादव ने कहा गार्डन उजाड़ हो गया है। अब यहां सांप, बिच्छू का खतरा बना हुआ है। मरीन ड्राइव के भी दोनों ओर लाइट लगाई गई थी, जिसमें से आधी बंद पड़ी है। मरीन ड्राइव पहुंचे व्यवसायी अजय गुप्ता ने कहा गार्डन में आधे जगह पर लाइट बंद है। 10 दिन से ज्यादा समय से मरीन ड्राइव में लाइट बंद है। लाइट व्यवस्था में जल्द सुधार करना चाहिए। दूरभाष कार्यालय के पास नेशनल हाइवे किनारे बनाए गार्डन में गेट के साथ अंदर इतने ज्यादा अनुपयोगी झाड़ियां हो गई है कि गार्डन में कोई अंदर जा नहीं सकता। एक साल पहले समाजसेवी संस्था ने यहां पर सफाई अभियान चलाया था लेकिन फिर झाड़ियां उग गई है। अलबेलापारा गार्डन में झूले व कुर्सियां टूट गई है। कई जगह गंदगी पसरी हुई है। नगरपालिका सीएमओ पवन कुमार मेरिया ने कहा अभी बारिश के दौरान नगरपालिका कर्मी नाली की सफाई काम में व्यस्त थे। शीघ्र ठाकुर विश्राम सिंह पार्क सहित अन्य गार्डन में सफाई काम कराया जाएगा। जो भी समस्या है उसका निराकरण किया जाएगा।


