पार्क में झूले टूटे, फैली गंदगी बच्चे कहां जाएं: संजय

अमनदीप सिंह | अमृतसर पूर्वी हलके के वार्ड 34 के निवासियों को गंदगी, टूटी सड़कों और पार्कों की खराब हालत के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड के इलाका फोकल प्वाइंट, जवाहर नगर, भाई लालो जी नगर में कूड़े के ढेर, बदहाल पार्क और जर्जर सड़कें लोगों की चिंता का विषय बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से इन समस्याओं का तत्काल समाधान करने की अपील की है। उनका कहना है कि पार्कों में कोई उचित व्यवस्था नहीं है और वहां आवारा कुत्ते, पशु घुस आते हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा खतरे में है। इस कारण लोग पार्कों में जाना पसंद नहीं करते हैं। लोगों ने नगर निगम और सरकार से मांग की है कि कूड़े की समस्या के लिए रोजाना सफाई का पक्का प्रबंध किया जाए और पार्कों का रखरखाव भी सही ढंग से किया जाए। इलाकावासियों ने कहा कि इन समस्याओं के कारण उनका जीवन मुश्किल हो गया है। गंदगी और कूड़े से पूरे इलाके में बदबू फैल रही है। जिससे गंभीर बीमारियां फैलने की खतरा बना हुआ है। वार्ड पार्षद अमृतपाल सिंह ने कहा कि जब से कूड़ा उठाने वाली कंपनी गई है, तब से वार्ड में कूड़े की समस्या बन गई है। उन्होंने कहा कि निगम मेयर के समक्ष वार्ड में कूड़े की समस्या उठाई जाएगी और पार्कों को लेकर भी निगम से बात की गई है। राम कुमार, निवासी जवाहर नगर ने बताया कि जवाहर नगर की सड़क मेन रोड से नीचे है, इस वजह से बारिश होते ही पानी भर जाता है। सड़क में जगह-जगह गड्ढे हैं और दशकों से इसे ऊंचा नहीं किया गया है। इस सड़क को मेन रोड के लेवल से ऊपर उठाया जाए ताकि बारिश में पानी न भरे। अनिल कुमार निवासी राणा गार्डन ने बताया कि फोकल प्वाइंट और भाई लालो जी नगर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। खासकर भाई लालो जी नगर में तो कॉलेज, अस्पताल और होटल के पास ही खाली प्लॉट में लोग कूड़ा फेंक रहे हैं। बदबू के कारण जीना मुश्किल हो गया है। वार्ड 34 से आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ चुके बेयंत सिंह संधू जो चुनाव के दौरान दूसरे स्थान पर रहे थे। उन्होंने कहा कि वार्ड में गंदे पानी और कूड़े की समस्या बनी हुई है। लोग उनके पास रोजाना शिकायतें लेकर पहुंचते हैं। लेकिन सरकार कुछ नहीम कर रही है। संजय कुमार निवासी फोकल प्वाइंट ने बताया कि इलाके के पार्कों की हालत बहुत खराब है। झूले टूटे हुए हैं, फिटनेस मशीनें खराब हैं और बैठने के लिए जो टेबल लगे थे वो भी टूट चुके हैं। पार्क में जंगली घास और गंदा पानी भरने के कारण बदबू आती है। जिससे गंभीर बीमारियां फैलने की खतरा बना हुआ है। अब लोग पार्कों में जाना ही बंद कर चुके हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *