पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक राष्ट्रीय परियोजना:कलेक्टर ने बैठक में तैयारियों पर चर्चा की, जिला स्तरीय किसान सम्मेलन 17 दिसंबर को

भिण्ड में पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक राष्ट्रीय परियोजना के तहत 15 से 25 दिसंबर के बीच संभावित लाभान्वित गांवों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों की रूपरेखा कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में रविवार को आयोजित बैठक में तैयार की गई। बैठक में अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि परियोजना के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ‘राम’ जल सेतु कलश यात्रा, प्रभात फेरियां, नुक्कड़ नाटक, भजन मंडलियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन गतिविधियों के माध्यम से जल संरक्षण, सिंचाई और औद्योगिक विकास में परियोजना की भूमिका को उजागर किया जाएगा। शिक्षा संस्थानों में जागरूकता अभियान
विद्यालयों में परियोजना के महत्व पर आधारित चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही, छात्रों के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। महाविद्यालयों में दीवार लेखन और युवा संवाद के जरिए जल संरक्षण का संदेश फैलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि साइकिल रैलियां, किसान प्रशिक्षण शिविर और जन कल्याण अभियान शिविरों के माध्यम से परियोजना के लाभों को किसानों और ग्रामीणों तक पहुंचाया जाए। परियोजना के सकारात्मक प्रभावों को हर ग्राम पंचायत तक ले जाने की योजना है। कार्यक्रमों के समन्वय और सफल क्रियान्वयन के लिए जिला मुख्यालय पर एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी विभागों और जनप्रतिनिधियों से सहयोग सुनिश्चित करने की अपील की। किसान सम्मेलन 17 दिसंबर को
17 दिसंबर को जिला मुख्यालय पर एक भव्य किसान सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन में परियोजना से संबंधित लाभों को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *