पार्षद पर जानलेवा हमले में फरार दो आरोपी गिरफ्तार:ललितपुर में रंगदारी न देने पर लोहे की रॉड से किया था हमला

ललितपुर में नगर पालिका परिषद के पार्षद सोन सिंह यादव पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को चित्रकूट से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को ललितपुर लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। यह सनसनीखेज घटना 19 अक्टूबर की रात की है। नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर एक सिद्धनपुरा के पार्षद सोन सिंह यादव अपने दो साथियों के साथ सिद्धनपुरा स्थित पंप हाउस पर मौजूद थे। तभी नकाबपोश बदमाशों ने उन पर लोहे की छड़ों से हमला कर दिया। हमले में पार्षद के हाथ और पैर टूट गए, जबकि उन्हें बचाने आए दोनों साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हालत नाजुक होने पर पार्षद को ग्वालियर रेफर किया गया था। रंगदारी न देने पर हमला घटना के दो दिन बाद पार्षद के पिता त्रिभुवन सिंह ने कोतवाली सदर में 11 नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। तहरीर में बताया गया कि आरोपी पार्षद से 20 हजार रुपए की रंगदारी मांग रहे थे। मांग पूरी न होने पर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया और कट्टा चलाकर धमकी भी दी। एफआईआर में जिन आरोपियों के नाम सामने आए थे, उनमें इंद्रपाल सिंह उर्फ इंदर, पुष्पेन्द्र, प्रभान, चंचल अहिरवार, दीपक, चंद्रपाल, मोहित सहित अन्य शामिल थे। इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। चित्रकूट से हुई गिरफ्तारी पुलिस ने फरार चल रहे रोहित पटैरिया (निवासी मोहल्ला आजादपुरा) और सुमित पंडित (निवासी मोहल्ला लेडियापुरा, कोतवाली सदर क्षेत्र) को चित्रकूट जनपद से गिरफ्तार किया। दोनों को ललितपुर लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में नेहरूनगर पुलिस चौकी प्रभारी अंकित कौशिक सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *