पार्षद सुबह आप में गया, शाम को कांग्रेस में लौटा, रात को मंत्री घर पहुंचे तो फिर आप में

भास्कर न्यूज| लुधियाना नगर निगम चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के हाई कमान ने पहली महिला मेयर के रूप में एक योग्य और शिक्षित चेहरे को चुनने का फैसला लिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि इस बार लुधियाना की पहली महिला मेयर बनने के लिए दो प्रमुख उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं। इनमें से एक एडवोकेट निधि गुप्ता और दूसरी एडवोकेट अमृत वर्षा रामपाल हैं। हालांकि, अभी तक पार्टी की ओर से किसी भी उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन इन दोनों महिला पार्षद में से किसी एक का मेयर बनना लगभग तय है। निधि गुप्ता को जहां विधायक दलजीत भोला की करीबी हैं। वहीं वर्षा रामपाल के पास चार बार पार्षद बनने का तजुर्बा है। हाईवोल्टेज ड्रामा:दलबदलू पार्षद की ये दोनों तस्वीरें वीरवार की हैं नगर निगम मेयर की लड़ाई अब रोमांचक दौर पर पहुंच गई है। एक-एक पार्षद को अपने पक्ष में करने के लिए हरसंभव कोशिश की जा रही है। वीरवार सुबह कांग्रेस पार्षद जगदीश लाल डिसा ने आप का दामन थाम लिया लेकिन शाम को राजनीतिक घटनाक्रम के बीच पार्षद वापस कांग्रेस में आ गए। इससे दो घंटे कांग्रेस खुश नजर आई लेकिन चंद घंटे के बाद पार्षद आप में फिर शामिल हो गए। अब आप की संख्या 44 पहुंच गई। निगम चुनाव में आप को 41 सीटें मिली थीं। आप निर्दलीय और शिअद के पार्षद को तोड़कर आप में शामिल करा चुकी है जिससे आप की संख्या 43 हो चुकी है। 26 दिसंबर को वार्ड 6 के कांग्रेस पार्षद जगदीश लाल डिसा आप में शामिल हो गए थे। आप विधायक दलजीत भोला ग्रेवाल ने इसकी जानकारी सार्वजनिक की जिसके बाद दोपहर तीन बजे कांग्रेस प्रधान संजय तलवाड़ पार्षद जगदीश को मनाने पहुंचे। तीन से 3.30 बजे तक तलवाड़ ने पार्षद को मना लिया जिसके बाद पार्षद ने कांग्रेस में ही रहने का वादा किया। तभी वहां विधायक दलजीत भोला, काउंसलर आदि पहुंच गए। इस दौरान पार्षद को दोनों अपना-अपना बताते रहे। कांग्रेस खुश होकर पार्षद के घर से निकल गई। इसके बाद वहां फिर कैबिनेट मंत्री लालजीत भुल्लर पहुंचे और पार्षद से बातचीत कर मना लिया। इसके बाद मंत्री भुल्लर ने पार्षद को आप में शामिल कराने को लेकर पत्रकार वार्ता की। 4 बार निगम चुनाव जीतीं वर्षा दूसरी प्रमुख उम्मीदवार एडवोकेट वर्षा राम पाल हैं, जो पहले कांग्रेस से जुड़ी हुई थीं और अब आप का हिस्सा हैं। वर्षा ने 2002 में वार्ड 55 से नगर निगम चुनाव लड़ा और 150 वोटों से जीत हासिल की थी। वे लगातार चार बार नगर निगम चुनाव जीतने में सफल रही हैं। उनका उद्देश्य हमेशा से ही अपने इलाके को स्मार्ट बनाना था। वर्षा ने बताया कि मेरठ यूनिवर्सिटी से लॉ करने के बाद उनकी शादी लुधियाना में हुई थी। उन्होंने कहा कि जब वे लॉ स्टूडेंट थीं, तब उनका सपना था कि वे चुनाव लड़ें, लेकिन परिवार की रुकावट के कारण वे उस समय चुनाव नहीं लड़ पाईं। फिर, 2002 में उन्होंने अपनी किस्मत आजमाई और जीत हासिल की। उनका सपना है कि पंजाब को “रंगला पंजाब” बनाया जाए। 11 साल से आप से जुड़ी हैं निधि एडवोकेट निधि गुप्ता पिछले 11 साल से आम आदमी पार्टी के साथ जुड़ी हुई हैं। उन्होंने हाल ही में वार्ड 19 से नगर निगम चुनाव जीता है। उनका पूरा परिवार डॉक्टरों का है। निधि खुद हाईकोर्ट में प्रैक्टिस कर रही हैं। निधि का कहना है कि जब इस शहर में कोई भी आम आदमी पार्टी के साथ नहीं जुड़ा था, तब से वे पार्टी के साथ जुड़ी हुई हैं। उन्होंने अन्ना हजारे के आंदोलन में भी हिस्सा लिया था और लुधियाना से दिल्ली प्रदर्शन में हिस्सा लेने जाती थी। निधि गुप्ता का कहना है कि पार्टी के नेताओं ने उन्हें सूचित किया है कि उनका नाम मेयर के लिए चुना जा रहा है, लेकिन अभी तक पार्टी की ओर से कोई औपचारिक संदेश नहीं आया है। उनका मानना है कि लुधियाना को एक मजबूत और सक्षम महिला मेयर की आवश्यकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *