भास्कर न्यूज |लुधियाना थाना सलेम टाबरी इलाके में पालतू कुत्ते को कार से कुचलकर मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कार चालक ने कुत्ते को टक्कर मारने के बाद वाहन रोकने के बजाय उसे करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शिकायतकर्ता हरबंस, निवासी वरिंदर नगर ने बताया कि 23 जनवरी की शाम उनके घर एक रिश्तेदार शादी का कार्ड देने आया था। इसी दौरान घर का मुख्य गेट कुछ देर के लिए खुला रह गया, जिससे उनका पालतू कुत्ता बाहर गली में निकल गया। कुछ ही सेकंड में कुत्ता सड़क पर पहुंचा और तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक सफेद रंग की कार गली से गुजरती है। कार के अगले हिस्से के नीचे कुत्ता आ जाता है, लेकिन चालक ने न तो गाड़ी रोकी और न ही ब्रेक लगाए। इसके उलट, आरोपी चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और कुत्ते को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। घटना के बाद घर की एक महिला और आसपास के लोग बाहर निकले। कुत्ते को तुरंत एक्टिवा पर बैठाकर पशु चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुत्ते के मालिक हरबंस ने आरोप लगाया है कि कार उनका ही पड़ोसी चला रहा था और दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि पड़ोसी ने जानबूझकर उनके कुत्ते को निशाना बनाया और वाहन नहीं रोका। पीड़ित ने घटना की शिकायत थाना सलेम टाबरी की पुलिस को दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


