भास्कर न्यूज | कवर्धा नगर पालिका के सामने 1 करोड़ रुपए से चौपाटी का निर्माण किया जा रहा है। बुधवार को कलेक्टर गोपाल वर्मा ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति का आकलन किया और काम में तेजी लाने अधिकारियों को हिदायत दी है। कलेक्टर ने सीएमओ रोहित साहू से कहा कि निर्माण कार्य में जितनी शीघ्रता हो सके, उसे पूरा करने के लिए अधिक से अधिक श्रमिकों को लगाया जाए। ताकि निर्माण कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण पूरा हो सके। कलेक्टर ने कहा कि इस परियोजना के पूरे होने से न केवल शहर का सौंदर्यीकरण होगा, बल्कि यह क्षेत्रवासियों के लिए एक मनोरंजन स्थल के रूप में भी कार्य करेगा। चौपाटी का निर्माण शहरवासियों के लिए एक अत्याधुनिक सुविधा के रूप में विकसित होगा। इसमें बैठने की व्यवस्था, हरियाली व अन्य सुविधाएं रहेगी। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से शहर में नया रूप व सौंदर्य आएगा। क्षेत्रवासियों को एक बेहतर सार्वजनिक स्थान की सुविधा मिलेगी। कहा- काम में अब किसी तरह की रुकावट न आए निरीक्षण के दौरान कलेक्टर वर्मा ने यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की रुकावट नहीं आना चाहिए। समय पर सभी कार्य पूरे हो जाएं, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा है। निरीक्षण के दौरान सीएमओ रोहित साहू सहित नगर पालिका के अधिकारी उपस्थित थे।


