नगर निगम पाली की ओर से चादर वाले बालाजी मंदिर के पास प्रस्तावित लक्ष्मण नगर कॉलोनी के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में शहरवासी कलेक्ट्रेट पहुंचे। चादर वाले बालाजी मित्र मंडल के देखरेख में लोगों ने रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट के बाहर बैठकर उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया उसके बाद जिला कलेक्टर एलएन मंत्री को ज्ञापन सौंपा। जिसमें प्रस्तावित कॉलोनी योजना पर आपत्ति जताई। और वहां गार्डन निर्माण की बात कही। इससे पहले उन्होंने चादर वाले बालाजी मंदिर के पास रास्ता भी कुछ समय के लिए जाम किया। ज्ञापन में बताया कि चादर वाले बालाजी मंदिर क्षेत्र धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है और यहां नगर निगम द्वारा कॉलोनी विकसित करने का निर्णय समाज की भावनाओं के विपरीत है। उन्होंने इस भूमि पर भूखंडों की नीलामी करने के बजाय उद्यान (गार्डन) विकसित करने की मांग की, जिससे आसपास के क्षेत्रवासियों को शुद्ध वातावरण, हरियाली और सार्वजनिक सुविधा का लाभ मिल सके। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि यहां गार्डन विकसित किया जाता है तो यह न केवल धार्मिक स्थल की गरिमा को बनाए रखेगा, बल्कि बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम बिना स्थानीय लोगों की सहमति के कॉलोनी काटने की तैयारी कर रहा है, जिससे क्षेत्र में असंतोष व्याप्त है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर रविवार को भी क्षेत्र के लोगों की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें सर्वसम्मति से कॉलोनी का विरोध करने और गार्डन की मांग करने का निर्णय लिया गया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से मांग की कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए लक्ष्मण नगर योजना को निरस्त किया जाए और उक्त भूमि को सार्वजनिक उद्यान के रूप में विकसित किया जाए।


