पाली पुलिस ने एक कैम्पर गाड़ी में अवैध रूप से देसी शराब परिवहन करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी यह शराब कहां से लेकर आए और कहां सप्लाई करने जा रहे थे। इसको लेकर पुलिस पूछताछ में जुटी है। एसपी चुनाराम जाट ने बताया- 4 अप्रैल को जेतपुर थाने के उप निरीक्षक उर्जाराम मय जाप्ता गश्त को लेकर नाकाबंदी कर रहे थे। इस दौरान कैम्पर गाड़ी में आए तीन युवक नाकाबंदी देख घबरा गए। इस पर टीम ने उन्हें रोका और कैम्पर गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें देसी शराब की कई पेटियां मिलीं। इसको लेकर पूछताछ की तो आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर साजियाली पदमसिंह पचपदरा (बालोतरा) निवासी 23 साल के नखतसिंह पुत्र मूलसिंह, पाली जिले के वायद (जेतपुर) निवासी 22 साल के जगदीश उर्फ जगाराम पुत्र सूजाराम और वायद जेतपुर निवासी 22 साल के तेजाराम पुत्र खीमाराम को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से कैम्पर गाड़ी और अवैध शराब भी जब्त की।


