फिट इंडिया मुहिम के तहत रविवार को पाली शहर में मतदाता जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। एडीएम डॉ. बजरंग सिंह व फर्स्ट टाइम वोटर हीना ने पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पदयात्रा राजकीय बांगड़ स्कूल से शुरू होकर सूरजपोल, अहिंसा सर्कल होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंच संपन्न हुई। यात्रा के दौरान ‘मेरा भारत, मेरा वोट’ के जयकारों के साथ लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
पदयात्रा में एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट-गाइड, आईटीआई, एएनएम कॉलेज एवं माय भारत युवा मंडल के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रथम बार मतदान को लेकर युवाओं ने अपने विचार भी साझा किए। मंच संचालन उप जिला शिक्षा अधिकारी बलवीर सिंह राणावत ने किया।
जिला युवा अधिकारी राजेन्द्र जाखड़ ने बताया कि इस दौरान एनएसएस जिला समन्वयक डॉ. महेन्द्र कुमार, एएनएम कॉलेज प्राचार्य के.सी. सैनी, पूर्व जिला खेल अधिकारी लहरीदास वैष्णव, आईटीआई से कान्ता नवल, नोरत्नमल, भंवरसिंह राजपुरोहित, मनीष सोमनानी सहित भारत स्काउट के पदाधिकारी उपस्थित रहे। पदयात्रा के सफल आयोजन में धनराज भाटी, लक्ष्मी राजपुरोहित, संतोष प्रजापत, विध्या, ललिता पटेल व हेमकिरण का विशेष योगदान रहा। युवाओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. बजरंग सिंह ने युवाओं को मतदाता शपथ दिलाकर की।
इस अवसर पर प्रथम बार मतदान के योग्य बने संजना कंवर, अंजलि आदिवाल, ललिता पटेल, डिम्पल सोनी सहित 40 से अधिक युवाओं को कपड़े के थैले, टोपी व माय भारत बैज भेंट कर सम्मानित किया गया।


